SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'हैलो, मैं दिल्ली पुलिस से बोल रहा हूं...' वो एक फोन कॉल जिसने 11 दिन के 'डिजिटल अरेस्ट' को किया खत्म

दिल्ली के 73 साल के भीम सिंह को नकली पुलिस ने 11 दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' कर 25 लाख रुपये ठग लिए. जब वो पत्नी के गहने बेचने वाले थे, तभी असली दिल्ली पुलिस की एक कॉल ने बचा लिया. जानिए क्या है डिजिटल अरेस्ट स्कैम और कैसे पुलिस की ये नई टीम काम करती है.

Written By Gaurav Pandey
Published: Nov 24, 2026, 08:01 IST | Updated: Nov 24, 2026, 08:15 IST
Image Credit: बिना हथकड़ी, बिना जेल 11 दिनों तक अपने ही घर में कैद रहे 73 साल के भीम सिंह
Join

जरा सोचिए, आप अपने ही घर के ड्राइंग रूम में बैठे हैं. बाहर कोई पहरा नहीं है, दरवाजे पर कोई ताला नहीं लगा है, फिर भी आप एक इंच हिल नहीं सकते. आप किसी को फोन नहीं कर सकते, अपने बच्चों या पड़ोसियों से बात नहीं कर सकते, और डर के मारे अपनी जिंदगी भर की कमाई किसी अनजान खाते में ट्रांसफर किए जा रहे हैं. सुनने में किसी थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट जैसा लगता है ना? लेकिन दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर के पास रोशनपुरा इलाके में रहने वाले 73 साल के भीम सिंह और उनकी 65 साल की पत्नी के लिए ये कोई फिल्म नहीं, बल्कि 11 दिनों का सबसे खौफनाक सच था.

असल में 1 अक्टूबर की तारीख भीम सिंह की जिंदगी की सबसे भारी सुबह लेकर आई थी. वो अपने आखिरी म्यूचुअल फंड्स तोड़ने की तैयारी में थे. इससे पहले वो अपनी FD तुड़वाकर 25 लाख रुपये उन लोगों को भेज चुके थे, जिन्हें वो देश के बड़े पुलिस और जांच अधिकारी समझ रहे थे. अब उन पर दबाव था कि वो बाकी बचे पैसे भी भेजें, वरना जेल जाना पड़ेगा. 

हालात इतने खराब हो चुके थे कि वो अपनी पत्नी के गहने बेचने का मन बना चुके थे. लेकिन कहते हैं ना, जब उम्मीद बिल्कुल खत्म होने वाली होती है, तभी कहीं से रोशनी की एक किरण आती है. भीम सिंह के केस में वो किरण बनी असली दिल्ली पुलिस की एक फोन कॉल.

आखिर डिजिटल अरेस्ट का ये पूरा खेल है क्या?

Digital Arrest साइबर ठगों का सबसे नया और सबसे खतरनाक हथियार है. इसमें अपराधी आपको फिजिकली गिरफ्तार नहीं करते, बल्कि आपके दिमाग को हाईजैक कर लेते हैं. इसका पैटर्न बिल्कुल सेट है. सबसे पहले आपके पास एक कॉल आती है. सामने वाला खुद को कूरियर कंपनी, ट्राई (TRAI), सीबीआई (CBI), ईडी (ED) या पुलिस का बड़ा अफसर बताता है. वो आपसे कहेंगे कि आपके आधार कार्ड या फोन नंबर से कोई गैर-कानूनी पार्सल भेजा गया है, जिसमें ड्रग्स या फर्जी पासपोर्ट हैं, या फिर आपका नाम किसी बड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आ गया है.

इसके बाद शुरू होता है असली मनोवैज्ञानिक दबाव. ठग आपको वीडियो कॉल पर आने के लिए मजबूर करते हैं. स्क्रीन पर दूसरी तरफ पुलिस की वर्दी पहने लोग दिखते हैं, पीछे थाने जैसा सेटअप होता है, यहां तक कि फर्जी कोर्ट रूम और नकली जज तक बैठाए जाते हैं. वो आपको वॉट्सएप पर नकली FIR की कॉपी और ED के नोटिस भेजते हैं.

इस माहौल को देखकर कोई भी आम इंसान, खासकर बुजुर्ग, बुरी तरह घबरा जाता है. ठग कहते हैं कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, आप 'डिजिटल अरेस्ट' में हैं. यानी आप कैमरा बंद नहीं कर सकते, घर से बाहर नहीं जा सकते और किसी को इस बारे में बता नहीं सकते. डर के इस माहौल में वो 'वेरिफिकेशन' या 'जमानत' के नाम पर आपके बैंक खाते खाली करवा लेते हैं.

भीम सिंह के साथ 11 दिनों तक क्या-क्या हुआ?

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक रोशनपुरा के एक मिडिल क्लास इलाके में रहने वाले भीम सिंह के साथ भी यही सब हुआ. पूरे 11 दिनों तक वो और उनकी पत्नी अपने ही घर में कैदी बनकर रहे. स्कैमर्स ने उन्हें इतना डरा दिया था कि उन्हें सच में लगने लगा था कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए, तो पुलिस उन्हें घसीटते हुए ले जाएगी और समाज में उनकी सारी इज्जत मिट्टी में मिल जाएगी.

इसी डर के चलते उन्होंने अपनी सालों की मेहनत से जोड़ी गई एफडी तोड़ी और 25 लाख रुपये ठगों के बताए खाते में डाल दिए. लेकिन स्कैमर्स का लालच यहीं नहीं रुका. उन्हें पता चल गया था कि भीम सिंह पूरी तरह उनके जाल में फंस चुके हैं. अब वो उनसे 3.44 लाख रुपये और मांग रहे थे. भीम सिंह के पास कैश खत्म हो चुका था, इसलिए वो अपने आखिरी म्यूचुअल फंड्स बेचने और पत्नी के गहने गिरवी रखने की कगार पर खड़े थे.

'हैलो, मैं दिल्ली पुलिस से बोल रहा हूं..' और बदल गई कहानी

भीम सिंह अपना सब कुछ दांव पर लगाने जा रहे थे, ठीक उसी समय उनके फोन की घंटी बजी. दूसरी तरफ से आवाज आई, 'हैलो, मैं दिल्ली पुलिस से इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार बोल रहा हूं. क्या आपने इस अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए हैं? आपके साथ स्कैम हो रहा है. वो पुलिस नहीं है.'

एक पल के लिए तो भीम सिंह को यकीन ही नहीं हुआ. पिछले 11 दिनों से जो लोग उन्हें डरा रहे थे, वो भी खुद को पुलिस ही बता रहे थे. ऐसे में एक बुजुर्ग के लिए ये समझ पाना बहुत मुश्किल होता है कि असली पुलिस कौन है और नकली कौन.

इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार इस बात को अच्छी तरह समझते थे. उन्होंने भीम सिंह को भरोसा दिलाने के लिए तुरंत उनके फोन पर कुछ दूसरे पीड़ितों के वीडियो भेजे, जो ठीक इसी तरह के स्कैम का शिकार हो चुके थे. जब भीम सिंह ने वो वीडियो देखे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्हें समझ आ गया कि जिन लोगों को वो कानून का रखवाला समझ रहे थे, वो असल में शातिर लुटेरे हैं. उन्होंने तुरंत 3.44 लाख रुपये ट्रांसफर करने का प्लान रोक दिया और इस तरह उनकी आखिरी बचत लुटने से बच गई.

कौन है दिल्ली पुलिस की ये स्पेशल टीम जो 'लाइव स्कैम' रोक रही है?

अक्सर हम सुनते हैं कि साइबर फ्रॉड होने के बाद जब लोग थाने जाते हैं, तो जांच महीनों चलती है और पैसे वापस मिलने की उम्मीद बहुत कम होती है. लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस ट्रेंड को बदलने के लिए मार्च में एक खास यूनिट तैयार की, जिसका नाम है- Proactive Victim Identification & Protection Team.

इस छोटी सी टीम में एक इंस्पेक्टर और दो हेड कॉन्स्टेबल हैं, जिसे इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार लीड करते हैं. प्रवीण कुमार दिल्ली की 1930 साइबर-फ्रॉड हेल्पलाइन भी संभालते हैं. इस टीम का काम सिर्फ शिकायत दर्ज करना नहीं है, बल्कि जब स्कैम चल रहा हो, ठीक उसी वक्त पीड़ित को ढूंढकर उसे बचाना है.

ये टीम काम कैसे करती है?


सिर्फ भीम सिंह नहीं, रिटायर्ड आर्मी कैप्टन के भी बचाए लाखों

भीम सिंह का केस अकेला नहीं है. 29 सितंबर को इसी टीम ने 78 साल के रिटायर्ड आर्मी कैप्टन भोला ठाकुर को भी बचाया था. भोला ठाकुर पहले ही साइबर अपराधियों के झांसे में आकर करीब 4 करोड़ रुपये गंवा चुके थे और और पैसे भेजने की तैयारी में थे. दिल्ली पुलिस की टीम ने सही समय पर कॉल करके उन्हें आगे पैसे ट्रांसफर करने से रोक दिया.

जांच में सामने आया कि जिस बैंक खाते में भोला ठाकुर से पैसे मंगवाए गए थे, उसी खाते में देश भर के कई अन्य बुजुर्गों से करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवाए गए थे, जिनमें भीम सिंह भी शामिल थे. इस एक ऑपरेशन के जरिए दिल्ली पुलिस की टीम ने अलग-अलग मामलों में करीब 75 लाख रुपये और लुटने से बचा लिए. हालांकि, जो पैसा पहले ही ट्रांसफर हो चुका था, उसे ठगों ने अलग-अलग लेयर्स के जरिए तुरंत गायब कर दिया.

डराने वाले आंकड़े: 8 महीने में 647 करोड़ का चूना

अगर आपको लगता है कि ये इक्का-दुक्का घटनाएं हैं, तो जरा सरकारी आंकड़ों पर नजर डालिए. इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के डेटा के मुताबिक, इस साल के शुरुआती आठ महीनों में ही देश भर में 'डिजिटल अरेस्ट' की कम से कम 21,900 शिकायतें दर्ज की गई हैं. इन मामलों में लोगों ने 647 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम गंवाई है.

सबसे दुखद बात ये है कि इस स्कैम का सबसे आसान निशाना हमारे घर के बुजुर्ग बन रहे हैं. कई बुजुर्ग शहरों में अकेले रहते हैं, उनके बच्चे काम के सिलसिले में बाहर होते हैं. जब अचानक उनके पास पुलिस या कोर्ट के नाम से वीडियो कॉल आती है, तो वो घबरा जाते हैं और बदनामी के डर से किसी से कुछ शेयर नहीं करते.

असली पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?

इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार और उनकी टीम के लिए सबसे मुश्किल काम पीड़ितों को ये यकीन दिलाना होता है कि वो असली पुलिस हैं. पुलिस के मुताबिक, वो जिन 10 पीड़ितों से संपर्क करते हैं, उनमें से सिर्फ 1 या 2 लोगों को ही बड़ा नुकसान होने से पहले बचाया जा पाता है.

इसकी दो बड़ी वजहें हैं:

खुद को और अपने परिवार को इस जाल से कैसे बचाएं?

टेक्नोलॉजी जितनी तेजी से बढ़ रही है, ठगी के तरीके उतने ही स्मार्ट होते जा रहे हैं. ऐसे में सिर्फ एक ही चीज आपको बचा सकती है, और वो है जागरूकता. अगर आपके घर में माता-पिता या दादा-दादी हैं, तो आज ही बैठकर उनसे इन 4 बातों पर जरूर चर्चा करें:

'डिजिटल अरेस्ट' जैसा कोई कानून नहीं है: भारत के किसी भी कानून में पुलिस, सीबीआई या ईडी को वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार करने या पूछताछ करने का अधिकार नहीं है. अगर कोई ऐसा करता है, तो वह 100% फर्जी है.

पुलिस कभी पैसे नहीं मांगती: कोई भी सरकारी एजेंसी केस खत्म करने, जमानत देने या अकाउंट वेरिफाई करने के नाम पर आपके बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहती.

कॉल काटें और बात करें: अगर ऐसी कोई भी कॉल आए, तो घबराने के बजाय तुरंत फोन काट दें. सबसे पहले अपने परिवार के किसी सदस्य या भरोसेमंद दोस्त को पूरी बात बताएं.

1930 पर तुरंत कॉल करें: अगर किसी भी तरह का शक हो या गलती से पैसे ट्रांसफर हो जाएं, तो बिना एक मिनट गंवाए नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें. शुरुआती एक घंटा (Golden Hour) आपके पैसे बचाने के लिए सबसे अहम होता है.

दिल्ली पुलिस की इस नई टीम ने एक नई उम्मीद जरूर जगाई है कि अब पुलिस सिर्फ घटना के बाद नहीं, बल्कि घटना के दौरान भी अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर सकती है. लेकिन जब तक हर नागरिक खुद अलर्ट नहीं होगा, तब तक स्क्रीन के पीछे बैठे इन नकली अफसरों का खेल चलता रहेगा.

इसे भी पढ़ें- पहले थाने में 5 पुलिसकर्मियों को चाकू मारा, फिर चितली कबर में 4 को किया घायल... जानें जामा मस्जिद में कब, क्या और कैसे हुआ?

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav is a multimedia journalist writing across a wide range of subjects, including politics, sports, cinema, explainers, opinion and Delhi Haryana civic issues. With analysis, he regularly covers social issues and public policy through in-depth. With around nine years of experience, he has worked with India Today, Hindustan Times, and Network18, producing stories with a strong focus on facts and ground reality. He studied journalism at IIMC Delhi.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES