Delhi में यमुना रिवर क्रूज का इंतजार खत्म, कहां से मिलेगी सवारी और कितना होगा सफर; जानें पूरा रूट
दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा 10 नवंबर से शुरू होने जा रही है. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल इसका उद्घाटन करेंगे. सोनिया विहार में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम के बाद क्रूज सेवा शुरू होगी. इस दौरान कई केंद्रीय और राज्य मंत्री मौजूद रहेंगे.
दिल्ली के टूरिज्म में जल्द एक नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है. राजधानी में 10 नवंबर से यमुना नदी पर रिवर क्रूज सेवा की शुरुआत की जा रही है. केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल मंगलवार को सोनिया विहार में इस सेवा का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगे.
सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगी यमुना क्रूज सेवा
यमुना नदी के सोनिया विहार से जगतपुर तक के हिस्से में यह क्रूज सेवा विकसित की गई है. जगतपुर से यात्री वापसी में लगभग 12 किलोमीटर का सफर करेंगे. इसका उद्देश्य नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना और दिल्ली के लोगों के साथ-साथ राजधानी आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन का एक नया विकल्प उपलब्ध कराना है.
कई केंद्रीय और दिल्ली सरकार के मंत्री रहेंगे मौजूद
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी शामिल होंगे. इसके अलावा दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
नेशनल वाटरवे-110 के तहत विकसित हुई सेवा
केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के मुताबिक, यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत नेशनल वाटरवे-110 घोषित किया गया है. सोनिया विहार-जगतपुर खंड में रिवर क्रूज सेवा की शुरुआत इस जलमार्ग की संभावनाओं के इस्तेमाल की दिशा में एक अहम कदम है. इससे नदी में मनोरंजक नौवहन और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
मंत्रालय के अनुसार, क्रूज सेवा शुरू करने से पहले पिछले महीने जहाज का सफल ट्रायल रन भी किया गया था. इस दौरान भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
इलेक्ट्रिक क्रूज से मिलेगा पर्यावरण अनुकूल सफर का अनुभव
इस सेवा में इलेक्ट्रिक से चलने वाले क्रूज जहाजों का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ अंतर्देशीय जलमार्गों की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा सकेगा. मंत्रालय का मानना है कि यह पहल दिल्ली के लोगों और पर्यटकों को यमुना से जुड़ने का एक नया अनुभव देगी.
कई एजेंसियां मिलकर कर रही हैं काम
यमुना रिवर क्रूज सेवा को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) की ओर से केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के तहत विकसित किया जा रहा है. इस परियोजना में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और दिल्ली सरकार का सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग भी सहयोग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में यमुना पर दौड़ेगा क्रूज, जानें रिवर सफारी का किराया; मिलेंगी ये सुविधाएं
(Input: ANI)