CJP प्रदर्शन में महिला जवान से बदसलूकी, यूट्यूबर लड़की ने मारा थप्पड़!
दिल्ली में 16 अक्टूबर (शुक्रवार) की शाम राजीव चौक मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 6 के पास युट्यूबर बनकर आई एक लड़की ने पैरामिलिट्री के एक जवान को थप्पड़ मार दिया. इस तरह प्रदर्शन की आड़ में कल फिर पुलिस पर्सनल्स को टारगेट किया गया.
दिल्ली में पैरामिलिट्री फोर्स के जवान के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आया है. दरअसल, 16 अक्टूबर (शुक्रवार) की शाम पालिका बाजार, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 6 के पास प्रदर्शनकारियों और युट्यूबर्स की आड़ में दिल्ली पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्सेस के साथ बदतमीजी की गई. वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि युट्यूबर बनकर आई एक लड़की ने पैरामिलिट्री के एक जवान को थप्पड़ जड़ा दिया. ऐसे में प्रदर्शन की आड़ में कल फिर पुलिस पर्सनल्स को टारगेट किया गया. पुलिस के अनुसार, कैमरों के अलग-अलग फुटेज की जांच कर पहचान किया जा रहा है. पहचान होते ही हमला करने वालों पर लीगल एक्शन लिया जाएगा.
पुलिस लेगी लीगल एक्शन
दिल्ली पुलिस ने अपने एक्स अकाउंट पर कई ऐसे वीडियो शेयर किए हैं, जिसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि प्रदर्शनों के बीच जानबूझकर पुलिस को उकसाने की कोशिश की जा रही है. इस तरह के कई वीडियो सामने आए हैं, लेकिन यहां दिल्ली पुलिस बहुत ही शालीनता से स्थिति को हैंडल कर रही है. वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, कई कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. ऐसा इसलिए किया जा रहा है, जिससे इन प्रदर्शनकारियों और यूट्यूबर्स की पहचान कर लीगल एक्शन लिया जा सके.
पुलिस वालों को बदनाम करने की कोशिश
वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर पुलिस को बदनाम करने वालों पर भी लीगल एक्शन लिया जाएगा. पुलिस के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से पुलिस पर्सनल्स की आइडेंटिटी को रिवील कर उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर महिला पुलिसकर्मियों, पुरुष पुलिसकर्मियों, पैरामिलिट्री के चेहरे, नाम, उनके पर्सनल हैंडल्स और एड्रेस डाले जा रहे हैं और उन्हें धमकी दी जा रही है. फोटो वीडियो के साथ फेक नैरेटिव फैलाया जा रहा है. इस तरह के लोगों पर दिल्ली पुलिस कड़ी नजर रख रही है. साथ ही उनके अकाउंट की भी पहचान की जा रही है.
ये भी पढ़ें- ध्रुव राठी के खिलाफ वारंट जारी, दिल्ली की साकेत कोर्ट का मानहानि मामले में एक्शन
दिल्ली में शुक्रवार को था तिरंगा मार्च
दिल्ली में शुक्रवार को सीपी के सेंट्रल पार्क में शाम 5 बजे अभिजीत दीपके ने तिरंगा मार्च निकालने का आह्वान किया था. इसके पहले ही दिल्ली पुलिस ने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया. जैसे ही वो घर से निकले उन्हें दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस की कार्रवाई पर दीपके ने गुस्सा जताया है.