दिल्ली यूनिवर्सिटी में ABVP की 'अराजकता हटाओ महारैली', हजारों छात्रों ने निकाला मार्च
दिल्ली विश्वविद्यालय में ABVP की अराजकता के खिलाफ महारैली में हजारों छात्र शामिल हुए. संगठन ने विपक्ष पर देश विरोधी गतिविधियों का समर्थन करने का आरोप लगाया और लोगों से अराजकता के खिलाफ एकजुट होने की अपील की.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में 'अराजकता खत्म करो, लोकतंत्र बचाओ' के नारे के साथ एक बड़ा विरोध मार्च निकाला. हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर हजारों छात्र-छात्राएं इस मार्च में शामिल हुए. ABVP पदाधिकारियों ने विपक्षी दलों पर देश विरोधी गतिविधियों का समर्थन करने और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया.
बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं एक साथ सड़कों पर उतरे. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से अराजकता हटाओ महारैली का आयोजन किया गया, जिसमें हाथों में तख्तियां, बैनर और नारे लगाते हुए छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में विशाल मार्च निकाला गया.
ABVP के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. वीरेंद्र सोलंकी ने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस और वामपंथी दलों की उन गतिविधियों के खिलाफ है, जिन्हें संगठन ने 'लोकतंत्र-विरोधी' करार दिया है.
ABVP पदाधिकारियों का कहना है कि जिस तरह पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल में हिंसा और अराजकता की घटनाएं सामने आईं, उसी तरह भारत में भी कुछ विपक्षी राजनीतिक दल देश विरोधी तत्वों का समर्थन कर रहे हैं. उनका आरोप है कि संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिसका असर देश की व्यवस्था पर पड़ रहा है.
ABVP नेताओं के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों से देश के अलग-अलग राज्यों में व्यापारी वर्ग, आम राहगीरों और छात्रों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है. इसी मुद्दे को लेकर संगठन ने अराजकता के खिलाफ आवाज बुलंद करने और युवाओं को एकजुट करने के उद्देश्य से इस महा रैली का आयोजन किया.
यह मार्च दिल्ली विश्वविद्यालय के भारत कैंपस से शुरू होकर विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़ा. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने अराजकता के खिलाफ अपनी आवाज उठाई. मार्च का समापन दिल्ली विश्वविद्यालय की आर्ट फैकल्टी के गेट नंबर-1 पर हुआ.
फिलहाल इस रैली के जरिए ABVP ने देश में शांति, व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का संदेश देने का प्रयास किया है. वहीं, संगठन ने युवाओं से देश में अराजकता के खिलाफ एकजुट होने की अपील की.
(नसीम अहमद की रिपोर्ट)