SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

DUSU चुनाव 2026: ABVP ने उतारे 4 नए चेहरे, कोई टेनिस खिलाड़ी तो कोई हैंडबॉल स्टार, कौन हैं उम्मीदवार?

DUSU Election 2026: DUSU चुनाव 2026 को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी में चुनावी हलचल तेज हो गई है. ABVP ने चार प्रमुख पदों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पद पर इशू मौर्य, सचिव पद पर रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह चुनाव लड़ेंगे.

Written By Akanchha Singh
Published: Sep 13, 2026, 12:49 PM IST | Updated: Sep 13, 2026, 12:51 PM IST
Image Credit: DUSU_Election
Join

Delhi News: DUSU चुनाव 2026 को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. ABVP ने 4 मुख्य पदों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए इशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को मैदान में उतारा है. इस बार संगठन के पैनल में खेल, छात्र राजनीति और कानून की पढ़ाई से जुड़े उम्मीदवार शामिल हैं.

अध्यक्ष पद पर यश डबास
ABVP ने अध्यक्ष पद पर यश डबास के नाम का ऐलान किया है. यश दिल्ली के कंझावला से आते हैं. उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है. पढ़ाई के साथ उनकी पहचान टेनिस खिलाड़ी के तौर पर भी रही है.

यश डबास इंटरनेशनल लेवल की ITF प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं. उन्होंने स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में आयोजित प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है. इसके अलावा वो CBSE नेशनल्स, SGFI नेशनल्स, खेलो इंडिया और 2023 ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया है. उन्होंने उत्तर भारत विश्वविद्यालय खेलों में दिल्ली विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है. फिलहाल वो DU के बुद्धिस्ट स्टडीज विभाग में पढ़ाई कर रहे हैं.

उपाध्यक्ष पद पर इशू मौर्य
ABVP ने उपाध्यक्ष पद पर इशू मौर्य को टिकट दिया है. इशू उत्तर प्रदेश के बनारस से हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है. छात्र राजनीति में उनकी सक्रियता 2021 से ABVP के साथ रही है.

इशू सत्यवती कॉलेज की मॉर्निंग यूनिट के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. इसके अलावा वह 'स्टूडेंट्स फॉर सेवा' से भी जुड़े रहे हैं. फिलहाल वो दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं. ऐसे में छात्र राजनीति के अनुभव के साथ उनकी कानूनी शिक्षा भी इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकती है.

सचिव पद पर रिया छावड़ी
वहीं सचिव पद पर ABVP ने रिया छावड़ी को उम्मीदवार बनाया है. रिया दिल्ली के बदरपुर इलाके से आती हैं. उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है. पढ़ाई के साथ रिया की खेलों में भी रुचि रही है. साथ ही वो इंटर-कॉलेज स्तर पर बास्केटबॉल खेल चुकी हैं.

रिया ने श्री अरबिंदो कॉलेज से पढ़ाई की है और वर्तमान में वहीं BA प्रोग्राम के चौथे ईयर में पढ़ाई कर रही हैं. ABVP के चार प्रमुख उम्मीदवारों में वो महिला चेहरा हैं. ऐसे में छात्रसंघ चुनाव में उनकी उम्मीदवारी भी खास मानी जा रही है.

संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह
संयुक्त सचिव पद के लिए ABVP ने राजस्थान के चूरू जिले से आने वाले लक्ष्यराज सिंह को मैदान में उतारा है. उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है. लक्ष्यराज सिंह की पहचान इंटरनेशनल लेवल के हैंडबॉल खिलाड़ी के तौर पर भी रही है. वो भारत की ओर से एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने नेशनल गेम्स में राजस्थान और नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है. आज से समय में वो DU के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं.

ABVP के पैनल में दिखा अलग-अलग अनुभव का मेल
ABVP के चारों उम्मीदवारों की बैकग्राउंड अलग-अलग है. यश डबास और लक्ष्यराज सिंह के पास नेशनल और इंटरनेशनल लेवल का खेल अनुभव है. इशू मौर्य छात्र संगठन के साथ लंबे समय से सक्रिय रहे हैं, जबकि रिया छावड़ी पढ़ाई के साथ बास्केटबॉल से भी जुड़ी रही हैं.

इस तरह ABVP ने इस बार DUSU चुनाव के लिए ऐसा पैनल उतारा है, जिसमें खेल, छात्र राजनीति और अकादमिक अनुभव का मिश्रण देखने को मिल रहा है. अब चुनावी मैदान में इन उम्मीदवारों के सामने दूसरे छात्र संगठनों के प्रत्याशी होंगे. ऐसे में DUSU चुनाव 2026-27 में मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES