SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Delhi Riots: 15 याचिकाओं पर फैसला, नहीं होगी FIR, हेट स्पीच केस में हाईकोर्ट ने क्या कहा?

कोर्ट ने दिल्ली दंगों में दिल्ली पुलिस की भूमिका और 2019 में जामिया मिल्लिया इस्लामिया में कथित पुलिस अत्याचार की SIT जांच की मांग भी ठुकरा दी. याचिकाओं में अनुराग ठाकुर, कपिल मिश्रा, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनीष सिसोदिया और असदुद्दीन ओवैसी समेत कई नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी

Written By Gaurav Pandey
Published: Oct 05, 2026, 12:31 IST | Updated: Oct 05, 2026, 12:35 IST
Join

दिल्ली दंगों और जामिया पुलिस कार्रवाई से जुड़ी याचिकाओं पर दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से पहले कथित हेट स्पीच देने वाले नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग वाली याचिकाएं खारिज कर दीं. साथ ही 2019 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जामिया मिल्लिया इस्लामिया में कथित पुलिस हिंसा की SIT जांच की मांग भी खारिज कर दी गई.

असल में सोमवार को जस्टिस विवेक चौधरी और जस्टिस मनोज जैन की डिवीजन बेंच ने याचिकाओं के इस पूरे बैच पर आदेश दिया. इन याचिकाओं में अलग-अलग नेताओं के भाषणों को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जोड़ते हुए FIR और जांच की मांग की गई थी. इन दंगों में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी. याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि CAA और NRC के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के दौरान दिए गए कुछ भाषणों ने हिंसा को भड़काने में भूमिका निभाई.

FIR दर्ज करने की मांग की गई थी

बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक इनमें एक याचिका शेख मुजतबा फारूक ने दाखिल की थी. इसमें बीजेपी नेताओं अनुराग ठाकुर, कपिल मिश्रा और प्रवेश साहिब सिंह वर्मा समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई थी. दूसरी ओर Lawyers' Voice की याचिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनीष सिसोदिया, असदुद्दीन ओवैसी और एक सेवानिवृत्त हाईकोर्ट जज समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी. यानी इन याचिकाओं में अलग-अलग राजनीतिक पक्षों से जुड़े नेताओं के भाषणों और उनकी भूमिका की जांच की मांग उठाई गई थी.

पुलिस की भूमिका की जांच की मांग की गई थी

कुछ अन्य याचिकाओं में दिल्ली दंगों में दिल्ली पुलिस की भूमिका की जांच की मांग की गई थी. CPI(M) नेता बृंदा करात और जमीयत उलेमा-ए-हिंद की तरफ से दाखिल याचिकाओं में कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल यानी SIT से जांच कराने की मांग की गई थी. एक अन्य याचिका सामाजिक कार्यकर्ता अजय गौतम ने दाखिल की थी. इसमें प्रदर्शन के पीछे कथित 'अंतरराष्ट्रीय साजिश' और कार्यकर्ताओं को कथित विदेशी फंडिंग की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA से कराने की मांग की गई थी.

इसी में जामिया का मामला भी साथ में जुड़ा था. जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कई छात्रों ने 2019 में CAA के खिलाफ मार्च के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में कथित पुलिस अत्याचार की SIT जांच की मांग करते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था. हाईकोर्ट ने इन याचिकाओं को भी खारिज कर दिया. इस तरह सोमवार के आदेश से 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े कथित हेट स्पीच मामलों और 2019 के जामिया पुलिस कार्रवाई की SIT जांच की मांग वाली याचिकाओं पर हाईकोर्ट की कार्यवाही समाप्त हो गई.

कई वरिष्ठ वकील अदालत में पेश हुए

इन मामलों में अलग-अलग पक्षों की ओर से कई वरिष्ठ वकील अदालत में पेश हुए. शेख मुजतबा फारूक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कॉलिन गोंसाल्वेस के साथ कामरान ख्वाजा, भानो पथानिया, पूजा महाजन और उर्वशी गिरधर पेश हुए. Lawyers' Voice की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कीर्ति उप्पल के साथ नीरज, संस्कार गुप्ता, तुषार हजरती और प्रखर नेगी ने पैरवी की.

जमीयत उलेमा-ए-हिंद की ओर से अधिवक्ता एम. तैयब खान पेश हुए. वहीं राज्य की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू, विशेष लोक अभियोजक रजत नायर समेत अन्य वकील पेश हुए. राहुल गांधी और सोनिया गांधी की ओर से अधिवक्ता तरन्नुम चीमा ने पक्ष रखा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Gaurav is a multimedia journalist writing across a wide range of subjects, including politics, sports, cinema, explainers, opinion and Delhi Haryana civic issues. With analysis, he regularly covers social issues and public policy through in-depth. With around nine years of experience, he has worked with India Today, Hindustan Times, and Network18, producing stories with a strong focus on facts and ground reality. He studied journalism at IIMC Delhi.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES