दिल्ली के पांडव नगर के B-ब्लॉक में एक नए भवन के निर्माण के लिए की गई गहरी खुदाई के कारण पास का ही चार मंजिला आवासीय मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस मकान की दीवारों में दरारें आ गई. साथ ही इमारत एक तरफ झुक गया है. जब ये घटना हुई उस समय घर में लगभग 15 से 20 लोग मौजूद थे. हालांकि, समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
ये घटना दिल्ली के पांडव नगर के B-ब्लॉक की है. यहां पर प्लॉट नंबर B-126 पर नए भवन के निर्माण का काम चल रहा था. साथ ही JCB मशीन से खुदाई की जा रही थी. इसके ठीक बगल में B-127 पर जय सोनी का चार मंजिला मकान बना हुआ था. जब खुदाई हो रही थी, उसी दौरान मकान की नींव के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिसके बाद इमारत झुक गई.
वहीं मकान मालिक जय सोनी का आरोप है कि पड़ोसी प्लॉट पर निर्माण कार्य के समय सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए थे. इस वजह से उनके मकान की नींव के नीचे की मिट्टी खिसक गई. उन्होंने ये भी कहा कि खुदाई के दौरान मकान में दरारें भी आ गई हैं. वहीं दूसरी तरफ पीड़ित पक्ष ने हुए नुकसान की पूरी भरपाई करने की मांग की है.
घटना के बाद ही जय सोनी ने संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है. शिकायत के बाद ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने खुदाई के काम में इस्तेमाल की जा रही JCB मशीन को भी जब्त कर लिया है. अब पुलिस मामले में कथित लापरवाही की जांच कर रही है.
जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली वहां की स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मकान को खाली करा लिया गया. इसके साथ ही आसपास में बैरिकेडिंग लगाया गया और लोगों की आवाजाही रोक दी गई.