दिल्ली-NCR में शनिवार रात से मौसम पूरी तरह बदल गया है. कई इलाकों में देर रात गरज के साथ बारिश देखने को मिली. बारिश के बाद से ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. दिल्ली में ही केवल बारिश नहीं हुई है, बल्कि नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश हुई है. इसके अलावा कई जगहों में ओले गिरने की खबर सामने आई है.
बारिश होते ही दिल्ली एनसीआर में मौसम ठंडा हो गया है. साथ ही ठंडी हवाएं चलने लगी हैं. कुछ दिनों से मौसम हल्का गर्म हो गया था. वहीं अचानक से हुई बारिश से लोगों को ठंडक महसूस हो रही है. रविवार 25 अक्टूबर को भी कुछ जगहों में बारिश की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर के साथ ही हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब हो गया है. हरियाणा के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे हैं. वहीं तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश ने कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल दिया है. इस तरह के बदलाव दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भी आने वाले दिनों में देखने को मिल सकते हैं. मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
वहीं दिल्ली-NCR में हुई बारिश से हवा की क्वालिटी में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है. पिछले कुछ दिनों से दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई थी. वहीं शनिवार को दिल्ली का AQI 191 दर्ज किया गया. इसके एक दिन पहले दिल्ली का AQI 230 था. शुक्रवार के मुकाबले शनिवार का AQI में सुधार देखने को मिला था.
बारिश और तेज हवाओं के बाद पॉल्यूशन में थोड़ी राहत की उम्मीद है. हालांकि, मौसम में बदलाव के कारण आने वाले दिनों में हवा की स्थिति में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकती है. वहीं देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. लोगों को ठंडक भी महसूस होगी. कुछ जगहों पर हल्की बारिश, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है..