19 नवंबर को दिल्ली के इन पर्यटकों स्थलों पर फ्री एंट्री, बिना टिकट घूम सकेंगे; देखें लिस्ट
वर्ल्ड हेरिटेज वीक 19 से 25 नवंबर तक चलेगा, लेकिन पूरे हफ्ते फ्री एंट्री नहीं मिलेगी. ASI की तरफ से यह खास डिस्काउंट सिर्फ 19 नवंबर को मिलेगा. इसलिए अगर आप ऐतिहासिक जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इस तारीख को ध्यान में रखकर अपनी ट्रिप प्लान कर सकते हैं.
अगर आप दिल्ली का लाल किला, कुतुब मीनार, आगरा का ताजमहल या देश के दूसरे ऐतिहासिक स्मारकों को देखने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. 19 नवंबर को टूरिस्ट को आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) के तहत देशभर के सभी प्रोटेक्टेड स्मारकों में फ्री एंट्री मिलेगी. वर्ल्ड हेरिटेज वीक की शुरुआत के मौके पर ASI ने एक दिन के लिए एंट्री फीस माफ करने का फैसला किया है. भारतीय और विदेशी दोनों तरह के टूरिस्ट इस सुविधा का फायदा उठा सकेंगे.
इस फैसले से टूरिज्म बिजनेस और ड्राइवरों को काफी फायदा होगा. फ्री एंट्री से बड़ी संख्या में टूरिस्ट ऐतिहासिक जगहों पर आएंगे, जिससे लोकल टूरिज्म और ट्रेड को फायदा हो सकता है.
19 से 25 नवंबर तक मनाया जाएगा वर्ल्ड हेरिटेज वीक
वर्ल्ड हेरिटेज वीक हर साल 19 से 25 नवंबर तक पूरे देश में मनाया जाता है, मगर फ्री एंट्री सिर्फ 19 नवंबर को मिलेगी. इसका मकसद लोगों खासकर युवाओं में देश की ऐतिहासिक इमारतों, पुराने स्मारकों और कल्चरल हेरिटेज की अहमियत के बारे में जागरूकता बढ़ाना है.
इस दौरान लोगों को अपनी ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानने और उसे बचाने की अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए बढ़ावा दिया जाता है. इस पहल के तहत 19 नवंबर को ASI से सुरक्षित स्मारकों में एंट्री फीस माफ कर दी जाएगी. हालांकि, फ्री एंट्री सिर्फ इसी एक दिन के लिए है.
इन पर्यटक स्थलों पर घूमने के लिए फ्री एंट्री
दिल्ली में मुख्य स्मारक:
- लाल किला
- कुतुब मीनार
- हुमायूं का मकबरा
- पुराना किला
- सफदरजंग का मकबरा
- मिर्जा गालिब की हवेली
दूसरे राज्यों में मुख्य स्मारक:
- ताजमहल
- आगरा किला
- फतेहपुर सीकरी
- अकबर का मकबरा, सिकंदरा
- एत्मादुद्दौला का मकबरा
- मध्य प्रदेश में खजुराहो के मंदिर
- ओडिशा में कोणार्क सूर्य मंदिर
- महाराष्ट्र में अजंता और एलोरा की गुफाएँ
- कर्नाटक में हम्पी
- तमिलनाडु में महाबलीपुरम
इनके अलावा टूरिस्ट ASI के तहत कई सेंट्रली प्रोटेक्टेड स्मारकों को बिना एंट्री फीस दिए देख सकेंगे.
ताजमहल घूमने से पहले 200 रुपये का नियम जान लें
अगर आप 19 नवंबर को ताजमहल घूमने का प्लान बना रहे हैं तो एक जरूरी बात ध्यान रखें. इस दिन ताजमहल के मेन कॉम्प्लेक्स में एंट्री पूरी तरह से फ्री होगी, लेकिन मेन मकबरे में जाने के लिए ₹200 का अलग से टिकट लेना होगा.
इसका मतलब है कि टूरिस्ट बिना एंट्री फीस दिए ताजमहल कॉम्प्लेक्स और उसका बाहरी हिस्सा देख पाएंगे, लेकिन मेन मकबरे में जाने के लिए उन्हें एक तय फीस देनी होगी.
19 से 21 नवंबर तक दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर कई इवेंट
DDA वर्ल्ड हेरिटेज वीक के मौके पर 19 से 21 नवंबर तक इवेंट कर रहा है. DDA के अनुसार, वर्ल्ड हेरिटेज वीक के मौके पर कई कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे, जिसमें हौज खास के डियर पार्क में हेरिटेज टूर, महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क और कोरोनेशन पार्क में हेरिटेज इवनिंग शामिल है.