SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बाहर से ज्यादा अंदर घुट रहा दम! दिल्ली के 4 इलाकों के घरों में 50% ज्यादा प्रदूषण, रिसर्च में बड़ा खुलासा

दक्षिण दिल्ली के कई घरों में एक रिसर्च में बड़ा खुलासा हुआ है. पता चला है कि घर के अंदर की हवा बाहर से ज्यादा प्रदूषित है. आइए जानते हैं कि किन-किन इलाकों में किस आधार पर रिसर्च की गई है. इसके अलावा, इसके सुझाव क्या हैं?

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 26, 2026, 08:42 IST | Updated: Nov 26, 2026, 08:50 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

अक्सर आपने देखा होगा कि प्रदूषण बढ़ने पर लोग अपने घरों की खिड़कियां-दरवाजे पूरी तरह से बंद कर लेते हैं. ताकि बाहर वाली जहरीली हवा अंदर न घुस पाए. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि घर के अंदर रहना वाकई प्रदूषण से बचाता है? अगर आपका जवाब हां है, तो इस खबर को एक बार पूरा जरूर पढ़ लीजिए. ताकि पता चल सके कि घर के अंदर की हवा और बाहर की हवा में कितना जहर घुला है?

दरअसल, दक्षिण दिल्ली के 24 घरों में की गई एक रिसर्च से पता चला है कि बाहर के मुकाबले घरों के अंदर की हवा काफी प्रदूषित होती है. खासकर उन घरों में जहां आवाजाही ठीक नहीं रहती है, वहां PM2.5 का स्तर बाहर की तुलना में 50 फीसदी ज्यादा दर्ज किया गया है. यानी सिर्फ खिड़की-दरवाजे बंद करने से प्रदूषण से बचा नहीं जा सकता है.

कहां-कहां कैसा रहा स्तर?
कहां-कहां की गई रिसर्च

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यह रिसर्च जामिया मिलिया इस्लामिया, सऊदी अरब की जजान यूनिवर्सिटी और जम्मू-कश्मीर की बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने मिलकर की है. रिसर्च टीम ने दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग, जसोला विहार, बाटला हाउस और ओखला विहार के 24 घरों की हवा की पड़ताल की है. यह रिसर्च फरवरी से अप्रैल 2023 के बीच में की गई. इसकी रिपोर्ट 2025 में 'डिस्कवर एनवायरमेंट' जर्नल में प्रकाशित हुई.

1. शाहीन बाग
2. जसोला विहार
3. बाटला हाउस
4. ओखला विहार

घरों में क्या-क्या जांचा ?

हवा की जांच के लिए हर घर की रसोई में अंदरूनी सैंपल लिए गए, जबकि बाहर की हवा का स्तर बालकनी में मापा गया. हर घर में लगातार तीन दिन तक दिन के समय, रोजाना आठ घंटे निगरानी की गई. निजता से जुड़ी वजहों के चलते रात में जांच नहीं की गई. घरों को अच्छे या खराब वेंटिलेशन की श्रेणी में इस आधार पर रखा गया कि जांच के दौरान रसोई की चिमनी या एग्जॉस्ट फैन काम कर रहे थे या नहीं.

क्यों बढ़ जाता है प्रदूषण?

वहीं रिसर्च में यह भी पता चला है कि घर के अंदर खाना पकाने, सफाई करने, धूम्रपान करने और अगरबत्ती जलाने जैसी गतिविधियों से प्रदूषण बढ़ सकता है. इसके अलावा, हवा की आवाजाही कम होने पर अंदर पैदा होने वाले प्रदूषक बाहर नहीं निकल पाते और जमा होते रहते हैं.

क्या-क्या सुझाव दिए हैं?

हालांकि, शोधकर्ताओं ने यह भी अलग-अलग करके नहीं बताया कि खाना पकाने, वाहनों के धुएं या धूल में से किसका कितना योगदान रहा है. हालांकि, उन्होंने सुझाव भी दिया है कि घरों में वेंटिलेशन बेहतर रखें, एग्जॉस्ट और चिमनी की नियमित सफाई, देखभाल करें. साथ ही धुआं और धूल पैदा करने वाली गतिविधियों को कम करें. यानी प्रदूषण से बचने के लिए सिर्फ खिड़की-दरवाजे बंद करना काफी नहीं, घर के अंदर हवा की आवाजाही का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES