दिल्ली में कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी? हरियाणा में खरीदारी से पहले जान लें आज के भाव, जानें क्या आगे और गिरेंगे दाम
सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट से दिल्ली और हरियाणा के बाजारों में हलचल बढ़ गई है. पानीपत में खरीदारी तेज हुई, दिल्ली में ग्राहक बाजारों में लौटे, जबकि पलवल में लोग अभी और सस्ता होने का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में जानें कि आखिर कितना सस्ता हुआ सोना और चांदी.
शादी का सीजन शुरू होने से पहले सोने और चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट से आम खरीदारों को राहत मिली है. महंगे भाव के चलते दीपावली पर अपनी पसंद के आभूषण नहीं खरीद पाए लोग अब कम कीमतों का फायदा उठाने के लिए ज्वेलरी दुकानों का रुख कर रहे हैं. हालांकि, बाजार में गिरावट का असर अलग-अलग शहरों में अलग नजर आ रहा है. पानीपत में कम हुए दामों से ज्वेलरी बाजार में रौनक लौट रही है, जबकि पलवल में ग्राहक अभी और कीमतें गिरने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, दिल्ली में भी सोने के भाव कम होने से दुकानदारों और खरीदारों के चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही है.
पानीपत में सोने-चांदी के भाव गिरे, बाजार में लौटी रौनक
पानीपत में दीपावली के बाद सोने और चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट ने ज्वेलरी बाजार में एक बार फिर रौनक लौटा दी है. महंगे दामों के चलते जो लोग दीपावली पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदने से पीछे हट गए थे, वे अब कम कीमतों का फायदा उठाने के लिए ज्वेलर्स की दुकानों पर पहुंच रहे हैं. खासकर महिलाओं में ज्वेलरी खरीदने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. शादी के सीजन ने भी बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ाई है.
15 हजार प्रति तोला गिरा सोना का भाव
श्याम बाग ज्वेलर्स के मालिक श्यामलाल गर्ग ने बताया कि दीपावली से करीब एक से डेढ़ महीने के दौरान सोने के भाव में लगभग 15 हजार रुपये प्रति तोला और चांदी में करीब 35 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रहे उतार-चढ़ाव के कारण कीमतों में कमी देखने को मिली है. उन्होंने कहा कि भाव कम होने से ग्राहकों का उत्साह बढ़ा है और लोग अधिक खरीदारी कर रहे हैं. शादी का सीजन होने के कारण भी ज्वेलरी की मांग अच्छी बनी हुई है. उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में सोने-चांदी की कीमतों में फिर तेजी आएगी और बाजार में बिक्री भी अच्छी रहेगी.
दीपावली पर अधूरा रह गया खरीदारी का सपना, अब कम भाव में खरीद रही हैं महिलाएं
ग्राहक मीना बंसल ने बताया कि दीपावली के समय सोने-चांदी के भाव काफी अधिक थे, जिस कारण वे अपनी पसंद की ज्वेलरी नहीं खरीद पाई थीं. अब कीमतों में गिरावट आने के बाद वह दोबारा ज्वेलरी शोरूम पहुंची हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं को आभूषणों से विशेष लगाव होता है और ज्वेलरी खरीदना उनका सपना भी रहता है. सोने और चांदी दोनों के भाव कम होने से अब बजट के अनुसार खरीदारी करने का अच्छा मौका मिला है.
वहीं, ग्राहक पिंकी गर्ग ने कहा कि दीपावली के बाद सोने में करीब 10 से 15 हजार रुपये और चांदी में 30 से 35 हजार रुपये तक की गिरावट आने से लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह बढ़ा है. खासकर शादी के सीजन में लोग नए आभूषण खरीदना पसंद कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि महिलाओं को सोने के सेट और हल्के वजन की ज्वेलरी काफी पसंद आती है. महंगे भाव के कारण मध्यम बजट वाले परिवार अपनी पसंद के आभूषण नहीं खरीद पाते, लेकिन कीमतों में थोड़ी राहत मिलते ही वे अपने शौक और सपनों को पूरा करने के लिए खरीदारी करने पहुंच रहे
हैं.
पलवल में गिरावट के बावजूद बाजार में सुस्त ग्राहकी, सस्ता होने का इंतजार
पलवल में शादी-ब्याह और त्योहारों के सीजन के बीच सोने-चांदी के बाजार में अलग तस्वीर देखने को मिल रही है. कीमतों में भारी गिरावट से जहां ग्राहकों को खरीदारी का अच्छा मौका मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर सर्राफा कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है.
दुकानदारों का कहना है कि सोने-चांदी के दाम कम होने के बावजूद बाजार में ग्राहकों की आवाजाही उम्मीद के मुताबिक नहीं है. ग्राहक फिलहाल खरीदारी करने से बच रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सोने-चांदी के भाव में और गिरावट आ सकती है. इसी इंतजार में लोग अपनी खरीदारी टाल रहे हैं.
दुकानदारों के मुताबिक, पहले जहां शादी-ब्याह के सीजन में सोने-चांदी के आभूषणों की अच्छी मांग रहती थी, वहीं इस बार ग्राहक रेट कम होने के बावजूद खरीदारी को लेकर असमंजस में हैं. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में कीमतों में और गिरावट आती है या फिर भाव स्थिर होने के बाद बाजार में ग्राहकी रफ्तार पकड़ती है.
दिल्ली में सोने के भाव गिरे,खरीदारों के चेहरे पर लौटी खुशी
दिल्ली में भी सोने की कीमतों में आई गिरावट से आम खरीदारों को राहत मिली है. दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,25,080 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,14,650 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है. कुछ समय पहले सोना डेढ़ लाख रुपये के आसपास पहुंच गया था, लेकिन अब कीमतों में आई गिरावट से खासतौर पर शादी वाले परिवारों को बड़ी राहत मिली है.
जिन लोगों ने महंगे सोने के कारण खरीदारी टाल दी थी, उनके लिए यह अच्छा मौका बनकर आया है. सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट को लेकर जी मीडिया की टीम ने दिल्ली के तिलकनगर स्थित श्याम ज्वेलर्स पहुंचकर दुकानदारों और ग्राहकों से बातचीत की. इस दौरान दुकानदारों और खरीदारों में खुशी नजर आई, हालांकि कुछ ग्राहकों का कहना था कि भाव अभी और कम होने चाहिए.
दुकानदार राजेश शर्मा का कहना है कि रेट कम होने से अब दुकान पर ग्राहक आने शुरू हो गए हैं. वहीं, ग्राहकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और गिरावट आ सकती है.
ये भी पढ़ें: 'गोल्ड कम खरीदो' कहने के बाद PM मोदी ने एक और भविष्यवाणी कर दी, कहा- लिखकर रख लो...
(दिल्ली से राजेश शर्मा, हरियाणा के पानीपत से राकेश भयाना और पलवल से हरीश शर्मा की रिपोर्ट)