)
दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार तड़के लगी भीषण आग पर दमकल विभाग ने काबू पा लिया है. आग चेन वाली गली के 13 ब्लॉक में स्थित पुरी प्लाजा की एक दुकान में लगी थी. आग इतनी तेज थी कि इसे बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा. इसके अलावा पानी के टैंकर और लाइटिंग का इंतजाम भी किया गया.
करोल बाग पुलिस स्टेशन को रात करीब 1:28 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. आग पुरी प्लाजा की दुकान नंबर 13/21 में लगी थी. यह चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग है, जहां मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार होता है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग ग्राउंड फ्लोर पर रखी मोबाइल बैटरियों से भड़की और देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई.
बैटरियों के गर्म होने से आग लगने की आशंका
शुरुआती जांच में बैटरियों के ज्यादा गर्म होने या ओवरचार्ज होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है. इसकी जांच के लिए FSL की टीम भी मौके पर जांच करेगी.
कोई हताहत नहीं, सामान का नुकसान
इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है. हालांकि, दुकान और इमारत में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है. दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
आग पर काबू पाने के लिए अब तक दमकल विभाग की 27 गाड़ियां मौके पर भेजी जा चुकी हैं. आग गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली के 13 ब्लॉक में लगी है. फिलहाल दमकलकर्मी आग बुझाने और बचाव कार्य में जुटे हैं. अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. वहीं, बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल और योगेंद्र चंदोलिया भी घटनास्थल पर पहुंचे. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.
Delhi: A fire broke out at a shop in Puri Plaza, 13 Block, Chain Wali Gali, Gaffar Market, Karol Bagh. A total of 22 fire service units have been deployed to control the blaze. Additional water bowsers and lighting equipment have also been sent to the scene. Further details are awaited: Delhi Fire Service
— ANI (@ANI) November 6, 2026
खबर अपडेट की जा रही है....