यमुना में कौन फेंक रहा मरी हुई मछलियां? छठ से पहले दिल्ली सरकार ने की FIR की मांग
दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना नदी को लेकर एक नया मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ अज्ञात लोग जानबूझकर नदी में मरी हुई मछलियां फेंक रहे हैं. इस मामले में दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने पुलिस से शिकायत की है.
दिल्ली में छठ से पहले यमुना नदी में मरी हुई मछलियां फेंके जाने का मामला सामने आया है. दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने इस मामले में सोनिया विहार थाने के SHO को पत्र लिखकर FIR दर्ज करने की मांग की है. आरोप लगाया गया है कि कुछ अज्ञात लोग जानबूझकर यमुना नदी में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं. साथ ही ये भी आरोप लगाया जा रहा है कि ऐसा सिर्फ दिल्ली सरकार की छवि खराब करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
पत्र में पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है. 15 और 16 नवंबर को यमुना किनारे छठ पूजा का आयोजन होना है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में विभाग ने मामले में तत्काल पुलिस हस्तक्षेप की मांग की है.
विभाग ने क्या कहा?
विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि इस तरह की गतिविधियों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं. ऐसी चीजें करके दिल्ली सरकार की भी छवि को खराब किया जा रहा है. शिकायत में पुलिस से इस गतिविधि में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है. बता दें कि पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
जल मंत्री ने AAP पर साधा निशाना?
प्रदेश सरकार के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस पूरे मामले को एक सोची-समझी साजिश करार दिया है. उन्होंने सीधे तौर पर AAP और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यमुना में मरी हुई मछलियां डालकर वीडियो बनाना और झूठ फैलाना बेहद शर्मनाक है. सत्ता में रहते हुए केजरीवाल की AAP ने यमुना की सफाई के लिए कभी गंभीरता से काम नहीं किया और आज जब मात्र 2 साल के अंदर भाजपा सरकार यमुना जी को आधे से ज्यादा साफ करके, पर्यटन और विकास को बढ़ावा दे रही है, तो ये इन पापियों से देखा नहीं जा रहा. इसलिए छठ महापर्व को भी बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. FIR दर्ज हो चुकी है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी.
कपिल मिश्रा ने क्या कहा?
वहीं दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने भी AAP सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आप भी बदलती हुई दिल्ली के साथ जुड़े. किसी जमाने में आपको भी दिल्ली की जनता ने वोट दिया था. अगर आप इतने ही पाप करेंगे और साजिशें रचेंगे दिल्ली की जनता के खिलाफ तो बची कुची राजनीति भी खत्म हो जाएगी.
मंजिंदर सिंह सिरसा ने क्या कहा?
वहीं मंजिंदर सिंह सिरसा ने अपने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर AAP पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राजनीति में इतना गिरा जा सकता है. ये कोई कल्पना नहीं कर सकता, जो केजरीवाल जी और उनके साथियों ने किया है. इससे बड़ा पाप नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि यमुना को 60 फीसदी साफ करने का एक रिकॉर्ड कायम किया सीएम रेखा गुप्ता की सरकार ने और जब उसमें क्रूज चल रहा है. तो इन्हें इतनी पीड़ा हुई की बाजार से मरी हुई मछलियां लेकर आए और यमुना जी में डालकर वीडियो बना रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा कि यहां पर छठ मैया की पूजा होनी है. बहनें यहां आकर अर्घ्य देंगी. उसमें ये (अरविंद केजरीवाल) मरी मछलियां डाल रहे हैं. इससे बड़ा पाप क्या हो सकता है? दिल्ली वालों को बताना चाहता हूं कि कभी यमुना जी में सफेद मछलियां दिखी थीं. ये मरी हुई मछलियां कहां से आईं. आम आदमी पार्टी पर अब धब्बे लग रहे हैं कि दिल्ली के 60 प्रतिशत कूड़े के पहाड़ हट गए, 60 प्रतिशत यमुना जी साफ हो गईं. दिल्ली में प्रदूषण घटने लगा और बीते 10 सालों में सबसे साफ दिन हो गए और दीपावली के बाद इतने साफ और खुले दिन हैं. उनको ये बर्दाश्त नहीं हो रहा है.
दिल्ली के मंत्री ने कहा कि राजनीति में सीमाएं होती हैं, कोई इतना नीचे गिर जाएगा कि व्रत रखने वाली बहनों की भी चिंता नहीं है. आम आदमी पार्टी वही पार्टी है, जिसने यहां बोर्ड लगा दिए थे कि यमुना में आकर किसी ने छठ पूजा करने की कोशिश की तो FIR दर्ज कराई जाएगी. छठ पूजा करने वालों पर एफआईआर दर्ज करा दी थी. हमारी सरकार ने 60 प्रतिशत यमुना जी को साफ करने का एक नया कीर्तिमान हासिल किया है. आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अच्छे हैं, आम आदमी पार्टी के नेता ही गंदे हैं.
ये भी पढ़ें- छठ पूजा पर दिल्ली में स्कूलों की छुट्टी घोषित, जानें किन स्कूलों पर लागू होगा आदेश
Input-Tanya chugh