)
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चांदनी चौक, खारी बावली, स्टेशन रोड और पुल मिठाई में अतिक्रमण और अवैध रिक्शों के इस्तेमाल से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस और दिल्ली नगर निगम (MCD) के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
चांदनी चौक के नेता और व्यापारियों ने सरकार से सामने रखी अपनी शिकायत
शुक्रवार को चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में दिल्ली बीजेपी के मीडिया प्रमुख और चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर, नगर निगम पार्षद सुमन कुमार गुप्ता और चांदनी चौक बीजेपी जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग ने व्यापारियों के साथ यह मुद्दा उठाया था. दिल्ली बीजेपी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, व्यापारियों ने इलाके में अतिक्रमण और अवैध रिक्शों की समस्या को लेकर अपनी शिकायतें रखीं.
इंद्रप्रस्थ हेरिटेज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की बैठक में उठा अतिक्रमण का मुद्दा
इन नेताओं ने इंद्रप्रस्थ हेरिटेज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री से मुलाकात की और खारी बावली, स्टेशन रोड, पुल मिठाई समेत पूरी पुरानी दिल्ली में नागरिक एजेंसियों के हस्तक्षेप की मांग की. इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक में मौजूद पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
पीली कोठी-पुल मिठाई इलाके और खारी बावली में चला बुलडोजर
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस और MCD ने गुरुवार को पीली कोठी-पुल मिठाई इलाके में और शुक्रवार को खारी बावली में बुलडोजर कार्रवाई की. इस दौरान 30 से 40 साल पुराने स्थायी अवैध अतिक्रमणों को हटाकर इलाकों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया.
खारी बावली से अवैध अतिक्रमण हटाने पर सीएम का जताया आभार
दिल्ली बीजेपी के मीडिया प्रमुख और चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर ने रविवार को खारी बावली से अवैध अतिक्रमण हटाए जाने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया. इससे पहले शनिवार को पुल मिठाई इलाके में भी कार्रवाई की गई थी.
'असंभव को संभव कर दिखाय'- चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव
चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव के तौर पर प्रवीण शंकर कपूर ने खारी बावली को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी. उन्होंने कहा कि आपने असंभव को संभव कर दिखाया है.
सीएम रेखा गुप्ता का अतिक्रमण माफिया को कड़ा संदेश
वहीं, दिल्ली बीजेपी के मीडिया प्रमुख के तौर पर प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पुरानी दिल्ली में दो दिनों के भीतर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाइयों के आदेश देकर मुख्यमंत्री ने राजधानी के अतिक्रमण माफिया को कड़ा संदेश दिया है. उनका कहना था, खुद हटा लो, वरना हम हटा देंगे.
(Input: IANS)