व्यूज के लिए धार्मिक परंपराओं का अपमान नहीं चलेगा! बिहार के बाद अब दिल्ली में घिरे यश महेश्वरी, BJP ने की FIR की मांग
छठ महापर्व के सिंदूर पर कथित अश्लील टिप्पणी को लेकर BJP दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने दरियागंज थाने में शिकायत देकर यश महेश्वरी के खिलाफ FIR और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कॉमेडियन यश महेश्वरी द्वारा छठ महापर्व के पवित्र सिंदूर को लेकर की गई कथित अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि मनोरंजन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर करोड़ों महिलाओं की धार्मिक आस्था, सामाजिक सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं को अपमानित करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती.
दिल्ली में कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ शिकायत दर्ज
संतोष ओझा ने बुधवार को दिल्ली के दरियागंज थाने में मोर्चा प्रभारी विपिन बिहारी सिंह और मोर्चा सह प्रभारी ब्रजेश राय के साथ डीसीपी रोहित राजवीर सिंह को दिए शिकायत में कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बिहार और पूरे पूर्वांचल की आत्मा, आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है.
दिल्ली में FIR दर्ज और कार्रवाई की मांग
संतोष ओझा ने दिल्ली पुलिस से मांग की कि संबंधित वीडियो और आपत्तिजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच कर यश महेश्वरी पर तत्काल FIR दर्ज की जाए, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. हालांकि, बिहार के पटना जिले में यूट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है.
सुहाग की निशानी पर अश्लील टिप्पणी करना भावना को ठेंस पहुंचाने का काम
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में माताएं-बहनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली के लिए कठिन व्रत रखती हैं. ऐसे पवित्र पर्व में सिंदूर जैसी सुहाग की निशानी को लेकर अश्लील टिप्पणी करना करोड़ों महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है. यह किसी एक समाज या क्षेत्र का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का अपमान है.
लोकप्रियता और व्यूज के लिए मर्यादा का उल्लंघन
उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता और कुछ व्यूज हासिल करने के लिए धार्मिक परंपराओं, देवी-देवताओं और महिलाओं के सम्मान को निशाना बनाना फैशन समझने लगे हैं. ऐसे लोगों को समझना होगा कि भारत की सांस्कृतिक आस्था कोई मनोरंजन का विषय नहीं है. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भी एक मर्यादा होती है और उस मर्यादा का उल्लंघन करने वालों को कानून के दायरे में जवाब देना होगा.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूर्वांचल की माताओं-बहनों का सम्मान हमारे लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक अस्मिता का प्रश्न है. छठी मैया की आस्था और महिलाओं के सम्मान पर चोट करने वालों के खिलाफ आवाज उठाना हमारी जिम्मेदारी है. ऐसे मामलों में चुप्पी भी समाज के प्रति जिम्मेदारी से पीछे हटने के समान है.
(दिल्ली से तान्या चुघ की रिपोर्ट)