SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Delhi में दोस्तों के साथ तैरकर यमुना पार करने की लगी शर्त, डूबा 14 साल का गणेश; NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

दिल्ली के अलीपुर इलाके में दोस्तों के साथ यमुना में नहाने पहुंचे 14 साल के गणेश के गहरे पानी में डूबने के बाद NDRF और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी है, बताया जा रहा है कि चारों दोस्तों के बीच तैरकर यमुना पार करने की शर्त लगी थी.

Written By Renu Akarniya
Published: Sep 26, 2026, 04:16 PM IST | Updated: Sep 26, 2026, 04:22 PM IST
Image Credit: Delhi में दोस्तों के साथ तैरकर यमुना पार करने की लगी शर्त, डूबा 14 साल का गणेश; NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
Join

Delhi News: दिल्ली में यमुना नदी में नहाना चार दोस्तों को भारी पड़ गया... तैरकर यमुना पार करने की शर्त के बीच 14 साल का गणेश गहरे पानी में समा गया. बच्चे की तलाश में एनडीआरएफ और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी है.

दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. गणेश विसर्जन के दौरान शुक्रवार शाम को झंगोला गांव के पास ठोकर नंबर-7 पर यमुना नदी में नहाने गया 14 साल का एक बच्चा अचानक गहरे पानी में डूब गया. लापता बच्चे की पहचान गणेश के रूप में हुई है, जो बुराड़ी का रहने वाला बताया जा रहा है.

गणेश अपने तीन दोस्तों के साथ यमुना में नहाने पहुंचा था. इसी दौरान चारों दोस्तों के बीच यमुना को तैरकर पार करने की शर्त लग गई. दो नाबालिग यमुना से वापस लौट आए, जबकि एक नाबालिग के यमुना पार करने की बात सामने आई है. लेकिन गणेश के लिए यमुना पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हुई. तैरते हुए वह अचानक यमुना के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया. दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू कराया. बच्चे की तलाश में एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. वहीं बोट क्लब के गोताखोर भी यमुना में उतरकर लापता बच्चे की तलाश में जुटे हैं. यमुना के गहरे पानी और तेज बहाव के बीच गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. मौके पर पुलिस और बचाव दल की मौजूदगी बनी हुई है.

फिलहाल 14 साल के गणेश का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिवार की उम्मीदें बचाव दल पर टिकी हुई हैं. यमुना में बच्चे की तलाश लगातार जारी है. सवाल यही है कि आखिर कब तक लापता गणेश को बरामद किया जा सकेगा. फिलहाल सभी की निगाहें जारी सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं.

(दिल्ली से नसीम अहमद की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES