राजनांदगांव गौवंश मामला: गौरी नगर में कटे सिर मिलने पर 10 गिरफ्तार, 2 आरोपियों का निकाला जुलूस
राजनांदगांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गौरी नगर में गौवंश के कटे सिर मिलने के मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के गौरी नगर में गौवंश के कटे सिर मिलने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें गौवंश काटने, मांस बेचने और अवशेषों को अलग-अलग स्थानों पर फेंकने की बात सामने आई है. वहीं, मामले में आक्रोश के बीच पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला है. आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
राजनांदगांव शहर के गौरी नगर में गौवंश के कटे सिर मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया था. घटना को लेकर स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की थी. कार्रवाई में देरी से नाराज लोगों ने बीती रात कोतवाली थाने का घेराव कर अपना विरोध जताया था.
पुलिस ने परिजनों से की पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की. पुलिस ने बताया कि, गौरी नगर निवासी अब्दुल हमीद उर्फ कलवा, उसकी पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पूछताछ में गौवंश काटने, मांस का विक्रय करने और गौवंश के सिर को तालाब सहित अन्य स्थानों पर फेंकने की बात सामने आई. पुलिस ने इस मामले में कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले के दो मुख्य आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला.
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. वहीं, स्थानीय निवासियों की मांग पर मांस विक्रय करने वाली संदिग्ध दुकानों को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः ‘ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे...’, कृषि मंत्री के कांग्रेस विधायक के फार्म हाउस पर पहुंचते ही BJP में क्यों मचा बवाल?
गौरी नगर में गौवंश के कटे सिर मिलने के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है. 10 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई का दावा किया है. हालांकि, क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना और इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, यह पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती होगी.
(रिपोर्टः किशोर शिलदार, राजनांदगांव)