)
नवरात्रि और गरबा आयोजनों की तैयारियों के बीच रायपुर में 'रेंट ए गरबा पार्टनर' नाम से एक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पोस्टर को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी ही. शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टर की वास्तविकता और इसके पीछे की जानकारी जुटाई जा रही है.
वायरल पोस्टर पर अंग्रेजी में 'This Navratri, don't dance alone! Rent A Garba Partner' लिखा हुआ है. पोस्टर में गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने का दावा करते हुए अलग-अलग पैकेज और उनकी कीमतों के बारे में बताया गया है. वायरल पोस्टर के अनुसार, सिल्वर पैकेज की कीमत 2,500 रुपए है. इसमें दो घंटे गरबा, मैचिंग आउटफिट और सेल्फी जैसी सुविधाएं शामिल हैं. गोल्ड पैकेज की कीमत 5,000 रुपए है, जिसमें चार घंटे तक गरबा करने, जिसमें वे दोनों मिलकर कुछ खास मूव्स करेंगे और इस दौरान खूब मजा और हंसी-मजाक भी होगा. इसके अलावा इंस्टाग्राम रील्स और फोटो और अन्य गतिविधियां शामिल हैं.
प्लेटिनम पैकेज में क्या मिलेगा?
सबसे महंगा विकल्प प्लेटिनम पैकेज है, जो 6,000 का है और इसमें पूरी रात गरबा, मैचिंग ट्रेडिशनल आउटफिट, इस पैकेज में रोमांटिक कपल पोज में फोटोग्राफी, भीड़ में हाथ पकड़ना और आपके कपड़ों जैसे दुपट्टे या झुमकों को संभालने में मदद जैसी सेवाएं शामिल हैं. साथ ही मजे, हल्की-फुल्की फ्लर्टिंग और शानदार समय बिताने के साथ माथे पर किस और घर तक छोड़ने की सुविधा शामिल है.

कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर से की शिकायत
रायपुर में 'रेंट ए गरबा पार्टनर' (Rent A Garba Partner) नाम से पोस्टर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ रहा है. कांग्रेस पार्टी ने इस पोस्टर के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला से मुलाकात कर इस मामले में कार्रवाई की मांग की. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वायरल पोस्टर हिंदुत्व और सनातन धर्म से जुड़ी भावनाओं को आहत करता है. पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिकायत के आधार पर साइबर सेल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पोस्टर किसने बनाया और इसे सोशल मीडिया पर किसने फैलाया. पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और कहा है कि मामले की जांच की जा रही है.