SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में खुले बड़े राज! अब रवि उप्पल और सुब्बू को दबोचने दुबई पहुंची ED, CBI और विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर बिछाया जाल

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले सबूतों के बाद ED की टीम दुबई पहुंची है. रवि उप्पल और विकास अग्रवाल को भारत लाने का काउंटडाउन शुरू हो गया है. सौरभ के बाद रवि उप्पल से कई राज खुल सकते हैं.

Written By Pramod Sharma
Published: Nov 18, 2026, 09:07 IST | Updated: Nov 18, 2026, 09:12 IST
Image Credit: रवि उप्पल और विकास अग्रवाल को भारत लाने का काउंटडाउन शुरू
Join

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप और छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच तेज हो गई है. मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है, जिसके बाद एजेंसी के हाथ कई पुख्ता सबूत और अहम सुराग लगे हैं. इन्हीं खुलासों के आधार पर अब विदेश में छिपे सिंडिकेट के बाकी चेहरों पर शिकंजा कसने की कवायद तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क के सरगना रवि उप्पल और शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने के लिए ईडी की एक विशेष टीम दुबई पहुंच चुकी है.

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर इस पूरे ऑपरेशन का खाका तैयार किया गया है. भारतीय एजेंसियों द्वारा दोनों भगोड़े आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और कानूनी रिकॉर्ड आधिकारिक तौर पर दुबई प्रशासन के सामने पेश किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्यर्पण या डिपोर्टेशन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके. जांच अधिकारियों का मानना है कि रवि उप्पल और सुब्बू की गिरफ्तारी के बाद न केवल हवाला के जरिए विदेश भेजे गए करोड़ों रुपये का हिसाब खुलेगा, बल्कि इस सिंडिकेट को संरक्षण देने वाले कई रसूखदार नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के चेहरों से भी नकाब उतरेगा.

रडार पर कई नेता और बड़े अफसर

जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इन दोनों आरोपियों को भारत लाकर पूछताछ करने से महादेव सट्टा सिंडिकेट और छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के बीच जुड़े फाइनेंसियल और आपराधिक नेटवर्क की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं. नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. ED की जांच सिर्फ सट्टा कारोबार चलाने और पैसों के लेन-देन तक सीमित नहीं है. एजेंसी यह भी जानना चाहती है कि इस पूरे कथित सिंडिकेट को किन लोगों का प्रोटेक्शन हासिल था और इसे चलाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही. जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों की कथित भूमिका की भी पड़ताल की जा सकती है. एजेंसी यह जानने की कोशिश करेगी कि किस लेवल के अधिकारियों ने महादेब बैटिंग एप्प ने पैसा दिया गया, किसने नेटवर्क को मदद पहुंचाई और हवाला तथा दूसरे माध्यमों से पैसों का लेन-देन किन लोगों तक पहुंचा.

सौरभ के बाद रवि उप्पल से खुल सकते हैं कई राज

सौरभ चंद्राकर को भारत लाने के बाद अब रवि उप्पल से पूछताछ को जांच एजेंसियों के लिए अहम माना जा रहा है. रवि उप्पल महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के प्रमुख आरोपियों में शामिल है. उससे विदेशों में फैले नेटवर्क, सट्टे से होने वाली कमाई, हवाला के जरिए पैसों के ट्रांसफर और कथित तौर पर जुड़े प्रभावशाली लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश होगी. वहीं, विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में कथित फाइनेंशिल ट्रांजेक्शन, दूसरे आरोपियों से संपर्क और पूरे नेटवर्क में उसकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा सकती है. फिलहाल ED, CBI और विदेश मंत्रालय के समन्वय से दोनों आरोपियों को भारत लाने की कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया आगे बढ़ा रही हैं. सूत्रों का दावा है कि अगले कुछ दिनों में जांच एजेंसी दोनों आरोपियों को वापस लाने में कामयाब हो जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रमोद शर्मा ज़ी न्यूज़ में एसोसिएट एडिटर हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें एक दशक से अधिक का अनुभव है. अपनी बेबाक, तथ्यपरक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले प्रमोद शर्मा ने देश के कई संवेदनशील मुद्दों पर ऐसी खोजी रिपोर्टें की हैं, जिन्होंने व्यापक जनचर्चा के साथ-साथ लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है. उनकी चर्चित रिपोर्टों में बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति और उन पर होने वाले अत्याचार, पश्चिम बंगाल में हिंदुओं के कथित अर्धधर्मांतरण जैसे विषय प्रमुख रहे हैं.प्रमोद शर्मा ज़ी न्यूज़ के लोकप्रिय चुनावी शो 'चुनावी दूरबीन' के होस्ट भी हैं. इस कार्यक्रम के माध्यम से वे चुनावी राज्यों की राजनीतिक नब्ज़, ज़मीनी समीकरण, मतदाताओं का मूड और सत्ता की वास्तविक तस्वीर दर्शकों तक सरल और तथ्यात्मक अंदाज में पहुंचाते हैं. उन्होंने पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में व्यापक ग्राउंड इन्वेस्टिगेशन किए हैं. उनकी कई खोजी रिपोर्टों ने प्रशासनिक व्यवस्था की कमियों को उजागर किया और संबंधित सरकारों व एजेंसियों को कार्रवाई के लिए प्रेरित किया.यदि आप प्रमोद शर्मा से सीधे जुड़ना चाहते हैं, तो उन्हें ईमेल कर सकते हैं: Pramod2.sharma@zeemedia.com. इसके अलावा इंस्टाग्राम (@Zee_Pramod) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES