सोशल मीडिया से आइडिया: ममेरे भाई ने की 4 साल के मासूम की हत्या, निकाल ली किडनी, आंखें-फेफड़े; बॉडी पार्ट्स बेचकर कमाना चाहता था पैसा
छत्तीसगढ़ के जशपुर के 4 साल के मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाशते हुए बच्चों के शरीर के अंग बेचने का विचार किया था.
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक अत्यंत सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसे कमाने की चाह में एक रिश्ते के भाई ने ही हदें पार कर दीं. 5 नवंबर से लापता 4 वर्षीय मासूम जितेन्द्र राम की हत्या किसी रंजिश में नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर जल्दी अमीर बनने के तरीके तलाशने के बाद रची गई एक खौफनाक साजिश के तहत की गई. आरोपी ममेरे भाई ने मासूम को बहला-फुसलाकर पहले अपने साथ ले गया, हत्या की और फिर उसके शरीर से किडनी, आंखें और फेफड़े जैसे महत्वपूर्ण अंग निकालकर अलग कर दिए, ताकि वह बॉडी पार्ट्स बेचकर पैसे कमा सके.
पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए संदीग्ध आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में शामिल चाकू, फावड़ा और छुपाए गए अंगों को बरामद कर लिया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाशते हुए बच्चों के शरीर के अंग बेचने का विचार किया और इसी कथित मंशा के चलते मासूम बालक को अपना शिकार बना लिया. पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर के कुछ अंग भी निकाल लिए थे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिला था शव
पूरा मामला जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्र का है, जहां ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम का 4 साल का बेटा जितेन्द्र राम 5 नवंबर से लापता था. परिजनों ने आसपास के इलाकों और गांवों में काफी तलाश की, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला. इसके बाद 7 नवंबर को तलाश के दौरान गांव के एक खेत में पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ बालक का शव बरामद हुआ. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
जल्दी अमीर बनने की चाहत में खौफनाक कदम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने संदेह के आधार पर 27 साल के बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, आरोपी मृतक के परिवार का परिचित और रिश्ते में उसका ममेरा भाई है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मजदूरी से मिलने वाली आमदनी से संतुष्ट नहीं था और जल्दी अधिक पैसा कमाना चाहता था. इसी दौरान वह सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया.
5 नवंबर को आरोपी ने मासूम जितेन्द्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. बाद में उसे सन्ना क्षेत्र में शराब और मुर्गा खरीदकर खिलाया-पिलाया. बच्चे के सो जाने के बाद आरोपी ने चाकू से उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से कुछ अंग निकालकर अलग रख दिए और शव को कंबल एवं गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया. इसके बाद खेत के पानी से भरे गड्ढे में शव को मिट्टी से दबाकर छिपा दिया.
पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर मृतक बालक का शव, घटना में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे गए अंग और आरोपी का मोबाइल फोन सहित अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त की है. पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. फिलहाल, इस मामले में थाना सन्ना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच की जा रही है. जशपुर पुलिस के अनुसार, जल्द और अधिक पैसा कमाने की कथित लालसा तथा इंटरनेट के गलत इस्तेमाल से जुड़ी इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है. (इनपुट- शिव प्रताप सिंह राजपूत)