छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर आज से तीन दिवसीय राज्योत्सव: पलक मुच्छल की आवाज से सजेगी पहली शाम, 3 नवंबर को अमित शाह होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक नया रायपुर में तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन आज शाम 6:00 बजे केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया द्वारा किया जाएगा.
आज छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस है. इस खास मौके पर आज से तीन दिवसीय 'छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026' का भव्य आगाज होने जा रहा है. नवा रायपुर अटल नगर स्थित विशाल राज्योत्सव मेला ग्राउंड में 1 नवंबर से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह उत्सव, राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली लोक परंपराओं और जनजातीय कला व संगीत का एक अनूठा जश्न होगा. इन तीन दिनों में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार अपनी लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे.
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ
तीन दिवसीय राज्योत्सव का आगाज आज (1 नवंबर) को शाम 6:00 बजे होगा, जिसका शुभारंभ केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे. इस समारोह की अध्यक्षता राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे. इस वर्ष के राज्योत्सव की मुख्य थीम विकसित छत्तीसगढ़ है. इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर चार बड़े डोम बनाए गए हैं, जिनमें एक आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इस प्रदर्शनी में राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: जब कई रियासतों को पिरोकर बना था 'हृदय प्रदेश', जानिए 1 नवंबर 1956 से लेकर आज तक के सफर की पूरी कहानी
आज प्लेबैक सिंगर पलक मुच्छल देंगी प्रस्तुति
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत पहले दिन मशहूर गायिका पलक मुच्छल अपनी संगीतमय प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देंगी. तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लोक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. वहीं 3 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई
राज्य स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए सीएम साय ने लिखा- जय जोहार! जय छत्तीसगढ़ महतारी! प्रभु श्रीराम के ननिहाल, माता कौशल्या की पावन धरा, जनजातीय गौरव और समृद्ध लोकसंस्कृति से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ ने अपनी 26 वर्षों की यात्रा में संघर्षों को संभावनाओं और संभावनाओं को उपलब्धियों में बदलते हुए देश के विकास मानचित्र पर विशिष्ट पहचान बनाई है. इस गौरवपूर्ण अवसर पर मैं श्रद्धेय 'भारत रत्न' अटल बिहारी वाजपेयी जी का पुण्य स्मरण करता हूं, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ और हमारी आशाओं, आकांक्षाओं को नई पहचान मिली. हमारी सुशासन सरकार श्रद्धेय अटल जी के सपनों का 'विकसित-समृद्ध छत्तीसगढ़' बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है. राज्य स्थापना दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.
राज्योत्सव मैदान में व्यापक तैयारियां
छत्तीसगढ़ की अद्भुत कला, संस्कृति और विकास को प्रदर्शित करने के लिए राज्योत्सव मैदान में व्यापक तैयारियां की गई हैं. यहां बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है, जो राज्य की सांस्कृतिक विविधता, लोक कलाओं और परंपराओं को दर्शाने वाली प्रदर्शनियों को देख सकेंगे.