छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूर्व CM के बेटे की कॉलोनी पर ED का शिकंजा, 61 करोड़ की संपत्ति कुर्क
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला से जुड़े मामले में ईडी ने पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य बघेल की 61 करोड़ की संपत्ति को कुर्क कर लिया है. इस कार्रवाई के बाद ईडी ने कॉलोनी के मेन गेट पर नोटिस भी चस्पा दिया है.
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे से जुड़ी कुम्हारी-जंजगीरी में विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जा कर लिया है. शनिवार को हुई इस कार्रवाई में लगभग 61 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद ईडी ने कॉलोनी के मेन गेट पर नोटिस भी चस्पा दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विट्ठल ग्रीन कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट बताए जा रहे हैं. इनमें से सिर्फ 30 प्लॉट ही बिक पाए हैं. हालांकि, इन 30 प्लॉटों को कार्रवाई से अलग रखा गया है. धन शोधन निवारण अधिनियम के निर्णायक प्राधिकरण से संपत्ति की कुर्की को मंजूरी मिलने के बाद ही ईडी ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है. ईडी के अधिकारियों ने बताया कि शराब घोटाल से अर्जित अवैध रकम का इस्तेमाल इन संपत्तियों को खरीदने में किया गया था.
कहां-कहां रकम का इस्तेमाल?
ईडी की जांच के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में लगभग 3 हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले से अर्जित की गई रकम का इस्तेमाल रियल एस्टेट कारोबार और अन्य संपत्तियों को खरीदने में किया गया था. जांच एजेंसियों का आरोप है कि पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय रहते थे. साथ ही अवैध पैसों के लेन-देन का हिसाब-किताब भी रखते थे. इसी के आधार पर उनकी संपत्तियों को मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई के दायरे में लिया गया है.
10 नवंबर को आया था आदेश
बता दें कि इससे पहले 10 नवंबर 2025 को ईडी ने चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया था. इसके बाद 8 दिसंबर 2015 को पीएमएलए के निर्णायक प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई गई. 19 मार्च 2026 को सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने ईडी की कार्रवाई को सही बताया. वहीं 23 मार्च 2026 को जारी आदेश में करोड़ों रुपए की संपत्तियों को कुर्क करने की मंजूरी दे दी गई. इससे पहले ईडी की टीम ने इस आदेश की कॉपी भी चैतन्य बघेल के भिलाई स्थित मानसरोवर आवासीय परिसर में उनके घर के बाहर भी चस्पा दी थी.
(रिपोर्टः हितेश शर्मा, दुर्ग)