22 करोड़ का घर, खुद का जिम और करोड़ों की कमाई! कितना है टाइगर श्रॉफ का कारोबारी साम्राज्य
बॉलीवुड के एक्शन किंग टाइगर श्रॉफ कार पर हुए जानलेना हमले के बाद वह सुरक्षित हैं. हमले की जिम्मेदारी विश्नाई गैंग से जुड़े लोगों ने ली है. आइए जानते हैं 248 करोड़ की संपत्ति के मालिक टाइगर की कमाई और प्रॉपर्टी के बारे में.
बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम हमला हुआ तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. उनकी मुंबई के जुहू इलाके में उनकी कार पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. जानलेवा हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए. घटना के बाद एक्टर को इलाज के लिए लीलावती अस्पताल ले जाया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी ली है. टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद फैंस के बीच उनकी लाइफस्टाइल के साथ ही कमाई और नेटवर्थ को लेकर चर्चा हो रही है. आइए जानते हैं उनकी नेटवर्थ और संपत्ति के बारे में-
साल 2014 में 'हीरोपंती' फिल्म से करियर शुरू करने वाले टाइगर श्रॉफ ने कुछ ही समय में बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई. मिंट की रिपोर्ट के अनुसार टाइगर श्रॉफ मौजूदा समय में 248 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं. उनकी कमाई का अहम जरिया फिल्मों में काम करना है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टाइगर एक फिल्म में काम करने के बदले 25 से 30 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. 'बागी' फ्रेंचाइजी, 'वॉर' और 'सिंघम अगेन' जैसी फिल्मों ने उन्हें देश का बड़ा एक्शन स्टार बना दिया. जिस समय बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ, वह अपनी बीएमडब्ल्यू कार से जा रहे थे.
टाइगर का फिटनेस बिजनेस
टाइगर श्रॉफ की कमाई का जरिया केवल फिल्मों तक ही सीमित नहीं है. उनका कारोबारी साम्राज्य काफी बड़ा है. उन्हें विज्ञापनों और ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिये भी अच्छी खासी कमाई होती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टाइगर श्रॉफ किसी एक ब्रांड से जुड़े कैंपेन के लिए करीब 3 करोड़ रुपये तक लेते हैं. इसके अलावा साल 2018 में बॉलीवुड एक्टर ने 'PROWL' नाम से फिटनेस और लाइफस्टाइल ब्रांड लॉन्च किया था. वह 'MMA Matrix' नाम से जिम और फिटनेस सेंटर भी रन करते हैं. इसके अलावा उनका 'टाइगर श्रॉफ फिल्म्स' नाम से खुद का प्रोडक्शन हाउस भी है.
Tiger Shroff Firing Case LIVE: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, मुंबई पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, पीले रंग की पल्सर बाइक बरामद
मुंबई और पुणे में करोड़ों का इन्वेस्टमेंट
लाइफस्टाइल बिजनेस के साथ ही प्रोडक्शन हाउस रन करने वाले टाइगर श्रॉफ ने रियल एस्टेट में भी भारी निवेश किया हुआ है. मुंबई के बांद्रा एरिया में उनका एक आलीशान घर है, जिसकी कीमत करीब 22.5 करोड़ रुपये बताई जाती है. 2,500 वर्ग फीट में फैले उनके घर में प्राइवेट जिम, होम थिएटर के साथ ही छत पर शानदार स्पेस है. मार्च 2024 में टाइगर ने पुणे के हडपसर में साढ़े 7 करोड़ रुपये की एक प्रॉपर्टी खरीदी थी. इस प्रॉपर्टी को उन्होंने साढ़े 3 लाख रुपये महीने के किराये पर दिया हुआ है. इसके अलावा उन्होंने खार वेस्ट का अपना अपार्टमेंट 15.6 करोड़ में बेचकर 8 बेडरूम वाले बड़े अपार्टमेंट में शिफ्ट किया है.
कैमरे में कैद हुए टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले 'शूटर्स', अंधेरी स्टेशन के पास मिली बाइक; सामने आई CCTV तस्वीरें
टाइगर श्रॉफ की कारों का कलेक्शन
करोड़ों की संपत्ति के अलावा टाइगर श्रॉफ के पास कई लग्जरी कारों का कलेक्शन है. उनके पास BMW 3 सीरीज ग्रैन लिमोसिन है, यह पेट्रोल से चलने वाली लग्जरी सेडान कार है. उनके पास BMW 5 सीरीज सफेद लग्जरी सेडान कार भी है, इसे उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में खरीदा था. इसके अलावा उनके पास लैंड रेंज रोवर वोग,
SS जगुआर 100, पोंटियाक फायरबर्ड और बेंटले कॉन्टिनेंटल GT है. श्रॉफ फैमिली के गैरेज में खास विंटेज कारें भी हैं. उनके पास मिनी कूपर कंट्रीमेन और ऑडी Q7 भी है.