App

टाटा विवाद में राहुल गांधी पर निर्मला सीतारमण का तंज, बोलीं- हर जगह भूत-प्रेत देखना बंद करें

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने टाटा को ‘आपराधिक तरीके से बर्बाद’ किए जाने के राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि नेता विपक्ष को हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने और व्यावसायिक व कानूनी मामलों को बिना सोचे-समझे आपराधिक करार देने से बचना चाहिए.

टाटा विवाद में राहुल गांधी पर निर्मला सीतारमण का तंज, बोलीं- हर जगह भूत-प्रेत देखना बंद करें
Image Credit: निर्मला सीतारमण ने कहा कि नेता विपक्ष को हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचना चाहिए। सोशल मीडिया/X

Tata Dispute: राहुल गांधी की ओर से टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किए जाने के आरोप पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि नेता विपक्ष को हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचना चाहिए. साथ ही, व्यावसायिक और कानूनी मामलों को बिना सोचे-समझे 'आपराधिक' करार देना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.

 राहुल गांधी का आरोप- टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि टाटा समूह को 'आपराधिक रूप से नष्ट' किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का खिलौना नहीं है.

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी की पोस्ट को कोट करते हुए लिखा, 'नेता विपक्ष राहुल गांधी को मेरी सलाह है कि वे हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचें. साथ ही, व्यावसायिक और कानूनी मामलों को बिना सोचे-समझे 'आपराधिक' करार देना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.'

'नफरत फैलाने के लिए उकसाने की कोशिश कर रहे हैं?'

उन्होंने आगे कहा कि आपने बार-बार भारतीय उद्योग जगत और हमारे उद्यमियों की सफलताओं की आलोचना की है. क्या अब आप हमारे बिजनेस लीडर्स को भी अपने साथ मिलाकर अविश्वास और नफरत फैलाने के लिए उकसाने की कोशिश कर रहे हैं?

दशकों तक, आपकी पार्टी ने 'लाइसेंस-कोटा राज' के जरिए भारतीय उद्यमियों की भावना को दबाए रखा और करोड़ों भारतीयों को गरीबी में धकेल दिया.

केंद्र सरकार के देश में व्यापार को आगे बढ़ाने के प्रयासों के बारे में बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार भारतीय उद्योग जगत को 'रोजगार पैदा करने वाले' और 'आर्थिक विकास को गति देने वाले' के रूप में महत्व देती है. हमारी नीतियां इस तरह बनाई गई हैं कि वे उद्यमों को सक्षम बनाएं, उद्योगों को समर्थन दें और निवेश को बढ़ावा दें.

राजनीतिक दलों, नेताओं, सरकारों और संस्थानों की यह समान जिम्मेदारी है कि वे हमारे उद्योगों का समर्थन करें, किसानों को मजबूत बनाएं और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करें. इसलिए, अपने संकीर्ण राजनीतिक उद्देश्यों को साधने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय, रचनात्मक तरीके से जुड़ना ज्यादा जरूरी है.

'बेबुनियाद आरोपों से बचें'

वित्त मंत्री ने आगे कहा, 'भारत का संविधान अपने सभी नागरिकों को न्याय की गारंटी देता है और हमारे माननीय न्यायालय इसे बनाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं. इतिहास गवाह है कि आपने, आपकी पार्टी ने और आपकी पार्टी से जुड़े प्रधानमंत्रियों ने किस तरह बेहद खराब तरीके से न्यायपालिका का अपमान किया है. इस कारण राहुल, हर जगह भूत-प्रेत देखने से बचें.'

इससे पहले राहुल गांधी ने पोस्ट कर कहा था कि टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और किसी भी कारोबारी नेता में एक शब्द बोलने की हिम्मत नहीं है. साथ ही कहा कि आप कब तक चुप रहेंगे? क्या तब तक, जब तक वे आप पर पूरी तरह कब्जा न कर लें. भारतीय कारोबार मोदी और शाह के खिलौने नहीं हैं. आप में हिम्मत की कमी है. हम में नहीं है. हम इन अपराधों के लिए न्याय दिलाकर रहेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More