आपका PF,आपकी मर्जी! रिटायरमेंट के बाद भी होगी कमाई, पैसा निकालने के नए नियम का नुकसान भी समझिए
EPFO ने PF खाते से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव किए हैं. खाते से पैसा निकालने से लेकर विड्रॉल की लिमिट, लॉक-इन पीरियड में बदलाव किए हैं. नए बदलाव के बाद आपको रिटायरमेंट के बाद भी कमाई का मौका मिल सकता है.
PF Withdraw New Rule: भविष्य निधि का पैसा आपके लिए सुरक्षित निवेश होता है, जो नौकरी के बाद आपको आर्थिक सुरक्षा देता है. EPFO ने PF से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव किए हैं. इन नए बदलावों के बाद आपके पीएफ पर आपकी मर्जी होगी. पीएफ निकालने से लेकर उसके खाते के न्यूनतम बैलेंस, विड्रॉल की वेटिंग पीरियड से लेकर पीएफ से मंथली पेंशन तक का विकल्प मिल गया है.
सरकार ने PF में क्या-क्या बदला ?
EPFO बोर्ड ने PF खाताधारकों के लिए बड़े बदलाव किए हैं. ईपीएफओ ने खाताधारकों को पैसे निकालने का नया ऑप्शन दिया है. इस बदलाव के बाद रिटीयरमेंट के बाद भी आपके खर्चे का इंतजाम हो सकता है.
EPFO ने कर्मचारियों के लिए पीएफ विड्रॉल की लिमिट को 75 फीसदी से बढ़ाकर 90 फीसदी कर दिया है. यानी आप अपनी जरूरत के हिसाब से पीएफ खाते से 90 फीसदी तक रकम निकाल सकते हैं.
पीएफ का पैसा निकालने के लिए आपको 1 साल तक नौकरी करने की शर्त पूरी नहीं करनी होगी. 2 महीने बाद भी आप PF फंड निकाल सकते हैं.
आप किस मकसद से पैसा निकाल रहे हैं, उसमें भी बदलाव किया गया है. नए नियम के तहत आप मेडिकल, पढ़ाई, शादी, घर या किसी विशेष परिस्थिति में पैसा निकाल सकते हैं.
नौकरी के बाद भी होगी कमाई
रिटायरमेंट के बाद PF की रकम को पूरा निकालने की शर्त को खत्म कर दिया गया है. आप अपनी जरूरत के हिसाब से SWP स्कीम के तहत मासिक, तिमाही या छमाही आधार पर पीएफ से थोड़ा-थोड़ा पैसा निकाल सकते हैं.
SWP की सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी. वहीं PF खाते में बची रकम पर पूरा ब्याज मिलता रहेगा. यानी जितनी जरूरत हो, उतना पैसा निकालो और बाकी बची रकम पर ब्याज कमाते रहे.
EPFO के नए नियम से क्या फायदे
ईपीएफओ के नियम का सीधा फायदा नौकरीपेशा लोगों को होगा. आप अपनी जरूरत के लिए लोन लेने के बजाए अपने पीएफ से पैसा निकाल सकते हैं.
नौकरी छूटने की स्थिति में आपको अपने ही पीएफ खाते में जमा पैसों के लिए 12 महीनों का इंतजार नहीं करना होगा. मुश्किल दौर में ये पैसे आपके काम आ सकेंगे.
SWP विड्रॉल की सुविधा ने रिटायरमेंट के बाद भी आप अपने PF से कमाई कर सकेंगे. किश्तों में पैसा निकालकर अपने खर्चों को मैनेज कर सकते हैं. EPFO के इस फैसले से उन लाखों नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जो रिटायरमेंट के बाद पीएफ का पूरा पैसा एक साथ निकालने के बजाए हर महीने अपने खर्च के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पैसा निकालना चाहते हैं. इससे नौकरी छोड़ने के बाद भी आपको हर महीने सैलरी जैसी तय कमाई हो सकती है और बाकी बचे पैसों पर ब्याज मिलता रहेगा.
नए नियम से नुकसान
हालांकि, पीएफ खाते से 90 फीसदी पैसा निकालने की सुविधा आपके बचत में सेंध भी लगा सकती है. 90 फीसदी तक निकासी की सुविधा मिलने पर आप छोटी-मोटी जरूरतों के लिए पीएफ खाते से पैसा निकालने की आदत ना डाले. ये पैसा आपके बुढ़ापे की जरूरतों के लिए है, जिसपर 8.25 फीसदी की दर से ब्याज मिलता है. जमा रकम तेजी से बढ़ती है, लेकिन अगर आप बार-बार इससे पैसा निकालेंगे, तो रिटायरमेंट के समय आपके पास बहुत कम पैसा बचेगा. रिटायरमेंट के बाद एक मुश्त मिलने वाला पैसा आपको आर्थिक सुरक्षा देता है. ऐसे में बेहतर है कि जब बहुत जरूरत हो, तभी पीएफ से पैसा निकालें.