दिवाली से पहले MSRTC कर्मचारियों को बड़ा तोहफा! 83 हजार कर्मियों को मिलेगा ₹10,000 बोनस, DA भी बढ़ा
देश के सबसे बड़े सरकारी सार्वजनिक परिवहन उपक्रम, MSRTC के पास लगभग 15,000 बसों का बेड़ा है और ये रोजाना करीब 55 लाख यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाता है.
MSRTC Announces Diwali Bonus : महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने अपने कर्मचारियों को तोहफा दे दिया है. महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के कर्मचारियों को 10,000 रुपये का दिवाली बोनस मिलेगा. इसके साथ ही, महंगाई भत्ता (DA) को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है. परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने गुरुवार को ये घोषणा की है.
83,000 कर्मचारियों को होगा फायदा
इस फैसले से राज्य के इस परिवहन उपक्रम के लगभग 83,000 कर्मचारियों को फायदा होगा. सरनाईक ने बताया कि पात्र कर्मचारियों को त्योहार के लिए 12,500 रुपये का एडवांस भी दिया जाएगा. ये घोषणा बांद्रा स्थित परिवहन आयुक्त कार्यालय में MSRTC के विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई एक बैठक के दौरान की गई है.
बेड़े में लगभग 15,000 बसें
MSRTC देश का सबसे बड़ा सरकारी सार्वजनिक परिवहन उपक्रम है. इसके बेड़े में लगभग 15,000 बसें हैं और यह हर दिन करीब 55 लाख यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाता है. मंत्री ने बताया कि बोनस और महंगाई भत्ते (DA) से जुड़े इन फैसलों के कारण निगम पर लगभग 160 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.
उन्होंने कहा कि भले ही निगम वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रहा है. लेकिन, सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कर्मचारी दिवाली मना सकें.
सरनाईक ने कहा, 'ST (राज्य परिवहन) के अधिकारी और कर्मचारी लाखों यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराने के लिए दिन-रात काम करते हैं. दिवाली के मौके पर उन्हें बोनस देना केवल उदारता नहीं, बल्कि उनका अधिकार है.' उन्होंने कर्मचारियों से विरोध-प्रदर्शन या हड़ताल का सहारा न लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के आंदोलन से उन आम यात्रियों को परेशानी हो सकती है, जो राज्य परिवहन सेवा पर निर्भर हैं.
मंत्री ने कहा कि सरकार और निगम, कर्मचारियों की समस्याओं को बातचीत के जरिए सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. साथ ही, वे यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने और MSRTC की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के लिए भी काम कर रहे हैं.