सेल बढ़ने के बाद भी मुनाफा 28% गिरा, दूसरी तिमाही में टायर कंपनी की कमाई 8500 करोड़ रुपए के पार
सेल बढ़ने के बावजूद MRF के मुनाफे में 28 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि , कंपनी की कमाई बढ़ी है. जुलाई-सितंबर के दौरान कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 27.8 प्रतिशत कम होकर 369 करोड़ रुपए पर पहुंच गया.
MRF Q2 net profit: शेयर बाजार का सबसे महंगा स्टॉक, हर शेयर की कीमत 1,25,105 रुपये के करीब वाली कंपनी के मुनाफे में भारी गिरावट दर्ज की गई है. देश की दिग्गज टायर कंपनी एमआरएफ लिमिटेड के मुनाफे में 28 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.
मंगलवार को कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित किए. जिसके मुताबिक जुलाई-सितंबर के दौरान कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 27.8 प्रतिशत कम होकर 369 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. बीते साल समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 512 करोड़ रुपए था.
आय में उछाल
कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में कंपनी की आय सालाना आधार पर 17.6 प्रतिशत बढ़कर 8,524 करोड़ रुपए हो गई है. बीते साल समान तिमाही में ये 7,250 करोड़ रुपए थी . मतलब कंपनी के आय में बढ़ोतरी हुई है. दूसरी तिमाही में ईबीआईटीडीए एक साल पहले के 1,090 करोड़ रुपए से 16.3 प्रतिशत घटकर 913 करोड़ रुपए रह गया.
सेल बढ़ने के बावजूद कमाई में गिरावट
कंपनी के सेल में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसके बावजूद कमाई में गिरावट की बड़ी वजह इनपुट लागत में बड़ी बढ़ोतरी है. कंपनी का कुल खर्च 21.8 प्रतिशत बढ़कर 8,269.77 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल 6,788.55 करोड़ रुपये था. खाड़ी युद्ध के चलते सप्लाई चेन में आई बाधा के चलते कंपनियों के कच्चे माल की लागत में भारी उछाल है. एमआरएफ को कच्चे माल पर खर्च में 43 प्रतिशत बढ़ोतरी करनी पड़ी है, जो बढ़कर 6,552.57 करोड़ रुपए पर पहुंच गया.