)
JiO IPO Price Band: भारतीय शेयर बाजार एक और कंपनी इतिहास रचने जा रही है. दिग्गज डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म्स देश का सबसे बड़ा आईपीओ ला रही है. यह मेगा इश्यू हुंदई मोटर्स और एलआईसी के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ देगा. जियो के आईपीओ का निवेशकों के बीच काफी लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था. यह आईपीओ 21 अक्टूबर को पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए ओपन होने जा रहा है. कंपनी ने अहमदाबाद स्थित गुजरात के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) फाइल कर दिया है. मेगा आईपीओ के जरिये कंपनी को बाजार से 28,755 करोड़ से 30,213 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है. इश्यू 23 अक्टूबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के नए आईपीओ के लिए 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है. कर्मचारियों को आवेदन करने पर प्रति शेयर 54 रुपये का स्पेशल डिस्काउंट दिया जा रहा है. निवेशकों को कम से कम 12 शेयर के लिए बिड लगानी होगी. इसके बाद 12 के मल्टीपल में आप लॉट ले सकते हैं. यानी आप 12, 24 या 36 शेयर के लिए बिड लगा सकते हैं. कैप प्राइस के हिसाब से निवेशकों को न्यूनतम 13,428 रुपये का दांव लगाना होगा. कंपनी की तरफ से आईपीओ के तहत केवल फ्रेश इश्यू जारी किया जा रहा है. इसके तहत कोई भी ऑफर फॉर सेल कॉम्पोनेंट शामिल नहीं है. आसान भाषा में कहें तो पूरा का पूरा पैसा कंपनी के पास विकास कार्यों के लिए जाएगा.
ग्रे मार्केट में भी जियो के आईपीओ को लेकर हलचल देखने को मिल रही है. बड़े निवेशकों के लिए एंकर बिडिंग राउंड 19 अक्टूबर को किया जाएगा. जियो का आईपीओ वैल्यूएशन के मामले में पिछले रिकॉर्ड तोड़ने जा रहा है. कैप प्राइस पर इसकी कुल वैल्यूएशन करीब 30,213 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. यह हुंदई मोटर इंडिया के 2024 के 27,858 करोड़ के आईपीओ से 8 प्रतिशत ज्यादा है. यह एलआईसी के 20,557 करोड़ रुपये के आईपीओ से भी करीब 47 प्रतिशत अधिक है. आईपीओ के तहत कुल 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर किये जाने हैं. जिनकी फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर की है.
जियो के इस आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को किये जाने की संभावना है. ऐसे निवेशक जिनको शेयर मिलेंगे उनके डीमैट अकाउंट में शेयर 27 अक्टूबर तक क्रेडिट हो जाएंगे. इसके बाद आईपीओ की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को होने की उम्मीद की जा रही है. इश्यू में कंपनी कर्मचारियों और रिलायंस के मौजूदा शेयरहोल्डर्स के लिए भी स्पेशल कोटा तय किया गया है.