App

अक्टूबर के GST कलेक्शन में जबरदस्त उछाल, 2.31 लाख करोड़ पर पहुंचा आंकड़ा; क्या है कारण?

पिछले साल अक्टूबर 2025 में जीएसटी कलेक्शन का जो आंकड़ा 1.88 लाख करोड़ रुपये का था, वो अब 23 प्रतिशत के उछाल के साथ 2.31 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. जीएसटी कलेक्शन में आए जबरदस्त उछाल का आखिर कारण क्या है?

अक्टूबर के GST कलेक्शन में जबरदस्त उछाल, 2.31 लाख करोड़ पर पहुंचा आंकड़ा; क्या है कारण?
Image Credit: (File Photo) रिफंड एडजस्ट किये जाने के बाद नेट जीएसटी रेवेन्यू 25.6 प्रतिशत बढ़कर 2.03 लाख करोड़ पर पहुंच गया.

देश की आर्थिक गतिविधियों में मजबूती के बीच अक्टूबर 2026 में जीएसटी कलेक्शन शानदार इजाफा देखने को मिला है. सरकार की तरफ से 1 नवंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में कुल जीएसटी कलेक्शन सालाना बेस पर 22.9 प्रतिशत बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, यह पिछले साल अक्टूबर 2025 में 1.88 लाख करोड़ रुपये था. रिफंड को एडजस्ट करने के बाद नेट जीएसटी रेवेन्यू 25.6 प्रतिशत बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 1.61 लाख करोड़ रुपये था. यह ग्रोथ घरेलू आर्थिक गतिविधियों में तेजी और आयात से मिलने वाले टैक्स रेवेन्यू में उछाल का इशारा देती है.

आंकड़ों के अनुसार घरेलू जीएसटी कलेक्शन अक्टूबर में 15.8 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये हो गया. वहीं, आयात से मिलने वाले रेवेन्यू में और भी तेज ग्रोथ दर्ज की गई, जो 42.2 प्रतिशत बढ़कर 72,246 करोड़ रुपये हो गई. घरेलू जीएसटी कलेक्शन में सेंट्रल जीएसटी (CGST) का योगदान 42,935 करोड़ रुपये, स्टेट जीएसटी (SGST) का 51,340 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी (IGST) का 64,769 करोड़ रुपये रहा. दूसरी तरफ आयात से मिलने वाला आईजीएसटी कलेक्शन अक्टूबर 2025 के 50,796 करोड़ रुपये से बढ़कर इस साल 72,246 करोड़ रुपये हो गया.

14.77 लाख करोड़ पर पहुंचा जीएसटी कलेक्शन

मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीने (अप्रैल-अक्टूबर) के दौरान कुल जीएसटी कलेक्शन 13.2 प्रतिशत बढ़कर 14.77 लाख करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले फाइनेंशियल ईयर की समान अवधि में यह 13.05 लाख करोड़ रुपये था. इसी दौरान नेट जीएसटी रेवेन्यू 12.6 प्रतिशत बढ़कर 12.69 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 11.27 लाख करोड़ रुपये था. सरकार ने यह भी बताया कि अक्टूबर में जीएसटी रिफंड में ग्रोथ दर्ज की गई. कुल रिफंड 6.5 प्रतिशत बढ़कर 27,934 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 26,225 करोड़ रुपये था.

GST रेवेन्यू में 56.2 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ

घरेलू रिफंड 9.8 प्रतिशत बढ़कर 14,007 करोड़ रुपये हुआ, जबकि आईसीईजीएटीई के जरिये निर्यात रिफंड 3.4 प्रतिशत बढ़कर 13,927 करोड़ रुपये पहुंच गया. रिफंड एडजस्टमेंट के बाद घरेलू नेट जीएसटी कलेक्शन 16.4 प्रतिशत बढ़कर 1.45 लाख करोड़ रुपये रहा. वहीं, कस्टम्स से जुड़े नेट जीएसटी रेवेन्यू में 56.2 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई और यह 58,319 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. अप्रैल से अक्टूबर 2026 की अवधि में कुल जीएसटी रिफंड 16.9 प्रतिशत बढ़कर 2.08 लाख करोड़ रुपये हो गया. इस दौरान घरेलू रिफंड 19.7 प्रतिशत बढ़कर 1.18 लाख करोड़ रुपये और आयात से जुड़े रिफंड 13.4 प्रतिशत बढ़कर 89,733 करोड़ रुपये रहे. (IANS)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More