25% टैरिफ लगाया, तो नुकसान से ज्यादा भारत का फायदा करवा बैठेंगे ट्रंप! 17% वाला एंगल भी दिलचस्प
अमेरिका के 25 फीसदी टैरिफ वाले प्रस्ताव से भारत को कितना नुकसान और कितना फायदा होगा, कैसे ये टैरिफ भारत के लिए मौका बन सकता है.
US Tariff benefits for India: अमेरिका ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है. ये टैरिफ भारत के लिए टेंशन से ज्यादा मौका है. 25 फीसदी वाले टैरिफ में भारत के लिए फायदे छिपे है. कैसे ये भारत के निर्यात और इकोनॉमी तो फायदा पहुंचाएंगे ये भी समझते हैं.
भारत पर 25 फीसदी टैरिफ के मायने
अमेरिका की ओर से भारत पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव दिया गया है. इसमें भारत, चीन समेत 14 देश शामिल हैं. टैरिफ के खतरे के साथ भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता भी अटका हुआ है. एक तरफ टैरिफ की तलवार और दूसरी ओर ट्रेड डील के बीच जानकारों का कहना है कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप मिलने की स्थिति में भारतीय निर्यातकों, MSME, और घरेलू उद्योगों के लिए नए अवसर खुल सकते हैं.
ट्रेड डील से भारत की उम्मीदें
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस के सीईओ डॉ अजय सहाय की माने, तो अमेरिका की ओर से पहले भी टैरिफ लगाए जाते रहे हैं. 25 फीसदी टैरिफ के प्रस्ताव पर भारत सरकार ने साफ किया है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त क्षमता मौजूद नहीं है और इसपर अमेरिका से बातचीत के जरिए हल निकालने की कोशिश होगी. भारत की स्थिति तथ्यों पर आधारित है. दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत को अपनी वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक क्षमता विकसित करनी पड़ती है. ऐसे में नए क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता बढ़ाना किसी प्रकार की अतिरिक्त क्षमता नहीं, बल्कि विकास प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा है.
भारत पर टैरिफ का असर नहीं
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी टैरिफ का असर भारत के सभी निर्यातों पर समान रूप से नहीं पड़ेगा. भारत के लगभग 45फीसदी निर्यात, जिनमें स्मार्टफोन और फार्मास्यूटिकल्स जैसे प्रमुख उत्पाद शामिल हैं, इन शुल्कों से प्रभावित नहीं होंगे. वहीं स्टील और एल्युमीनियम जैसे क्षेत्र पहले से ही ऊंचे शुल्क का सामना कर रहे हैं. उनके लिए स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
25% टैरिफ में 17 फीसदी वाला फायदा छिपा
भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार बाताचीत में लगभग 99 फीसदी मुद्दों पर सहमति बन चुकी है. उम्मीद है कि समझौते के बाद भारत को संतुलित और न्यायसंगत शर्तें मिलेंगी. उन्होंने कहा कि बिना समझौते के जहां 25 फीसदी तक टैरिफ लग सकता है, वहीं समझौते के बाद यह लगभग 17 प्रतिशत तक सीमित रह सकता है.
25% टैरिफ का फायदा
उन्होंने आगे कहा कि 25 फीसदी टैरिफ दबाव का एक सकारात्मक पक्ष यह भी है कि भारतीय निर्यातकों ने वैकल्पिक बाजारों की खोज और बाजार विविधीकरण पर अधिक ध्यान देना शुरू कर दिया है. ICC की विमानन एवं पर्यटन विशेषज्ञ समिति के अध्यक्ष सुभाष गोयल के मुताबिक भारत को किसी भी परिस्थिति में दबाव में आकर व्यापार समझौता नहीं करना चाहिए. किसी भी व्यापार समझौते का आधार पारस्परिक सम्मान और दोनों देशों का साझा हित होना चाहिए.
भारत अपने निर्यात बाजारों का विस्तार कर रहा है . अमेरिका भी भारत जैसे बड़े बाजार और साझेदार की आवश्यकता को समझता है. ऐसे में उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच जारी बातचीत पॉजिटिव रहेगी. अगर अमेरिका ने टैरिफ बढ़ाया तो, इसका असर केवल निर्यातक देशों पर ही नहीं, बल्कि अमेरिकी उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है. कई उत्पाद अमेरिका में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं या घरेलू स्तर पर अधिक महंगे साबित होते हैं.