₹34000 फिसलने के बाद भी नहीं संभल रहा सोना, चांदी की कीमत हुई आधी...क्या खरीदारी का है बेस्ट टाइम ?
Gold-Silver Price: सोना अब तक 34000 रुपये से अधिक सस्ता हो चुका है, जबकि चांदी की कीमत आधी हो चुकी है. दिवाली से पहले सोने-चांदी की कीमत में ये गिरावट के पीछे कौन जिम्मेदार है?
Gold Price Today: एक तरफ कच्चे तेल के दाम भाग रहे हैं, तो दूसरी तरफ सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट का सिलसिला जारी है. सोने की कीमत में फिर से बड़ी गिरावट देखने को मिली है. जो सोना साल के शुरुआत में 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिक रहा था, वो गिरते-गिरते अब 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे खिसकने लगा है. चांदी का हाल तो और भी बुरा है. चांदी की कीमत जनवरी 2026 में 3.86 लाख रुपये से ऊपर पहुंच चुकी थी. आज उसकी कीमत 1.94 लाख रुपये से नीचे आ चुकी है.
क्या है आज 10 ग्राम सोने का भाव ?
इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. कॉमैक्स गोल्ड -30.86 डॉलर की गिरावट के साथ 3,993.96 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच चुका है.MCX पर सोने की कीमत में 1159 रुपये की गिरावट आई और बाजार बंद होने से पहले सोना 1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. भारतीय सर्राफा बाजार की बात करें, तो इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर जारी रेटलिस्ट के मुताबिक सोने-चांदी की कीमत कुछ इस तरह से रही है.
- 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 141448 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 129566 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 106086 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 14 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 82747 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 1 किलो चांदी की कीमत 195027 रुपये
पढ़ें-रूस की मजबूरी, चीन की मौज: क्यों खजाना खाली कर रहे हैं पुतिन, रातोंरात बेच दिया 62000 किलो सोना
दिवाली से पहले कितनी सस्ती हुई चांदी, सोना कितना गिरा ?
इस साल चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. चांदी करीब 10 महीने बाद फिर 2 लाख रुपए के नीचे पहुंच चुकी है. इस हफ्ते चांदी की कीमत 16503 रुपये गिरी है, जबकि सोना सिर्फ तीन दिन में 4796 रुपए सस्ता हो चुका है. वहीं अगर ऑल टाइम हाई से तुलना करें तो 29 जनवरी को सोना-चांदी दोनों अपने उच्चतम वैल्यू पर था. तब से लेकर अब तक चांदी अपने ऑल टाइम हाई से 1.86 लाख रुपये सस्ती हो चुकी है. जबकि सोना 34000 रुपये गिर चुका है.
क्यों गिर रहा है सोना-चांदी ?
वैश्विक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में लगातार आ रही तेजी, महंगाई बढ़ने का डर, अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड जैसे कई फैक्टर्स हैं, जो सोने-चांदी की कीमतों पर असर डाल रहे हैं. कच्चे तेल के उबाल ने सोने-चांदी पर दबाव बनाया है. क्रूड ऑयल 117 डॉलर के ऊपर बनी हुई है, जो महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ा रहा है. बढ़ती महंगाई इस आशंका को और बढ़ा रही है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व लंबे वक्त तक ब्याज दरों को ऊंचे स्तर पर बनाए रख सकता है.
कौन तय करेगा सोने-चांदी की चाल?
ऊंची ब्याज दरें सोने और चांदी पर दबाव डाल सकती हैं,चूंकि सोने पर कोई ब्याज नहीं मिलता है. निवेशक सोने के बजाए बेहतर रिटर्न के लिए बॉन्ड में पैसा लगा सकते हैं, जो सोने को लेकर निवेशकों के क्रेज को कम करता है. 27-28 अक्टूबर को फिर से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक होने वाली है, जिसमें ब्याज दरों को लेकर संकेत मिल सकते हैं. इन सब वजहों से कमोडिटी का बाजार हिला हुआ है.