हफ्तेभर में सोना ₹12540, चांदी के ₹20000 गिरे दाम... 3 विलेन, जो गोल्ड को कर रहे हैं कमजोर
सोने की कीमत में इस हफ्ते 12 हजार से अधिक की गिरावट आई है, जबकि चांदी 1.50 लाख रुपये पर पहुंच गई. सोने-चांदी की कमजोरी के पीछे कौन-कौन जिम्मेदार हैं?
Gold Rate Weekly Update: सोना-चांदी अपने बुरे दौर से गुजर रहा है. जिन्हें खरीदारी करनी है, उनके चेहरे खिले हुए हैं, लेकिन जिन्होंने पैसा लगाया हुआ उन्हें भारी घाटा हो रहा है. एक सिर्फ एक हफ्ते की बात करें, तो सोमवार से लेकर शुक्रवार के बीच सोना 12540 रुपये सस्ता हो गया. चांदी के दाम 20000 रुपये फिसल गए.
हफ्तेभर में सोना-चांदी धड़ाम
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सोने की कीमत 16 नवंबर को 1.34 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर थी. हर बीतते दिन के साथ सोना लुढ़कता चला गया. 19 नवंबर को सोने की कीमत 1.29 लाख रुपये पर पहुंच गई. 20 नवंबर तो सोना साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत 1.22 लाख रुपये पर फिसल गई.
चांदी की बात करें, तो 16 नवंबर को सोना 1.70 लाख रुपये पर था. 19 तारीख को चांदी 1.60 लाख रुपये पर पहुंच गई. 20 नवंबर को 1 किलो चांदी की कीमत 1.50 लाख रुपये के भाव पर आ गई.
क्या है आज सोने-चांदी के दाम
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में 24 कैरेट से लेकर 14 कैरेट शुद्धता वाले सोने की कीमत कुछ इस तरह से हैं...
- 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 1,23,089 रुपये प्रति 10 ग्राम.
- 22 कैरेट शुद्धता वाला सोना 1,13,203 रुपये प्रति 10 ग्राम.
- 18 कैरेट शुद्धता वाला सोना 92,688 रुपये प्रति 10 ग्राम.
- 14 कैरेट शुद्धता वाला सोना 72,297 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 1 किलो चांदी 1,50,650 रुपये.
क्यों गिर रहा है सोना-चांदी
सोने-चांदी की कीमतों पर वैश्विक हालात, महंगाई और अमेरिकी डॉलर की मजबूती का असर पड़ता है. डॉलर जितना मजबूत होगा, सोना उतना ही कमजोर, क्योंकि दूसरी करेंसी में सोना खरीदना महंगा होने लगता है, जिसकी वजह से सोने की मांग गिरती और कीमत भी.
वहीं अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने से निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट में पैसा लगाते हैं, जिससे सोने की मांग और दाम गिरते हैं.
तीसरी सबसे बड़ी वजह सोने में जारी मुनाफावसूली है. बड़े निवेशक मुनाफा कमाने के लिए सोना बेच रहे हैं. वहीं इंडस्ट्रियल डिमांड कम होने से चांदी की मांग घट रही है और दाम भी. इसके अलावा ग्लोबल मार्केट में चांदी की सप्लाई मांग से ज्यादा बढ़ने से कीमत में गिरावट आ रही है.