संकट में सोना: 7 बार तोड़ चुका है गिरावट के रिकॉर्ड...आज रात अमेरिका में बड़ा ऐलान, गोल्ड चढ़ेगा या होगा धड़ाम?
Gold price: सोना गिरावट के रिकॉर्ड बना रहा है. हालांकि इससे पहले 7 बार ऐसा ही देखा जा चुका है. आज अमेरिका में फेडरल रिजर्व के फैसले पर सबकी नजर होगी, क्योंकि असर सोने की कीमतों पर पड़ने वाला है.
Gold Rate: सोना इस बार अलग ही रंग दिखा रहा है. आमतौर पर युद्ध और वैश्विक संकट के बीच सोने की कीमत में तेजी आती है, लेकिन इस बार सोना गिरता ही जा रहा है. जनवरी 2026 के मुकाबले सोने की कीमत में करीब 36000 रुपये तक की गिरावट आ चुकी है. चांदी की हालत तो और भी खराब है. सिल्वर अपने ऑल टाइम हाई वैल्यू से आधी कीमत पर पहुंच चुका है .
सोने पर कहीं खुशी, कहीं गम
29 जनवरी को 1 किलो चांदी का भाव 3.86 लाख रुपये था, जो आज 1.94 लाख रुपये पर है. सोने-चांदी की कीमत में गिरावट से वो लोग खुश हैं, जिन्हें सोना खरीदना है, लेकिन जिन्होंने गोल्ड-सिल्वर में निवेश किया है, उनकी धड़कनें तेज हो रही हैं. सोने की कीमत ऊपर जाएगी या नहीं, ये सोचकर निवेशक डरे हुए हैं, हलांकि ये पहली बार नहीं हुआ है. सोने के इतिहास में ऐसे दौर पहले भी आए हैं. वहीं 28 अक्टूबर की रात अमेरिका में होने वाली बड़ी मीटिंग के फैसले सोने के लिए आगे का रास्ता भी तय करेंगे. सोने का भाव आगे कैसा रहेगा, इस मीटिंग के नतीजों का असर उसपर दिखने वाला है.
आज फेडरल रिजर्व बैंक के फैसले से तय होगा सोने का भाव
27-28 अक्टूबर को अमेरिका में फेडरल रिजर्व बैंक की बैठक चल रही है. 28 अक्टूबर को रात 11.30 बजे के करीब ब्याज दरों का ऐलान होगा. 12 बजे के आसपास फेरडल चीफ केविन वॉर्श प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले पर टिकी हुई है. फेड के फैसले और उसके बाद फेडरल रिजर्व के चीफ के बयान पर सोने के आगे की कीमतें तय होंगी. फेडरल चीफ के बयान से भविष्य में ब्याज दरों की दिशा के संकेत मिल सकेंगे, जो सोने की आगे की दिशा को तय कर सकते हैं.
पढ़ें-2400 टन सोना भरने के बाद चीन में मची गोल्ड की लूट! सर्राफा बाजार में सब्जी मंडी जैसा नजारा
सोना भी कर सकता है कंगाल!
सोने को सेफ हेवन का खिताब मिला है, यानी इसे सुरक्षित निवेश समझा जाता है, लेकिन इस बार ये सोना अपनी इस छवि को तोड़ रहा है. सोना अपने पीक हाई से 26% तक गिर चुका है. ये पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई बार सोने में बड़ी गिरावट देखी गई है. आज उन 7 बड़ी गिरावटों की बात करेंगे, जब सोने ने ‘Safe Haven’ के भ्रम को तोड़ दिया.
क्या सोना तोड़ेगा 44 साल का रिकॉर्ड
सोने की कीमत में गिरावट का दौर जिस तरह से चल रहा है, उसे देखकर लग लगा है कि सोना अपने 44 साल के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है. दरअसल इस साल फ्यूचर्स गोल्ड रेट में 7 बार ऐसे मौके आए, जब 3.5% से अधिक की डेली गिरावट आई. मतलब एक दिन में सोने के दाम 3.5% से ज्यादा टूट गए. इससे पहले साल 1982 में ऐसा देखा गया था, जब सोने की कीमत में 10 बार 3.5% से ज्यादा की डेली गिरावट दर्ज की गई. अगर इस साल 3 बार और ऐसा हो जाए, तो सोना 44 साल के रिकॉर्ड को तोड़ देगा.
7 बार सोने ने किया कंगाल
जिस तरह से इस बार सोने की कीमत में गिरावट आ रही है, ऐसा हाल पहले भी देखा जा चुका है, जब सोने की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट देखी गई.
- साल 1980 में कई बार सोने की कीमत में एक ही दिन में 5% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई.
- 22 जनवरी 1980 को सोने की कीमत करीब 13.24% की गिरावट आई.
- 28 फरवरी 1983 को सोने के दाम करीब 12.1% तक गिर गए.
- 13 अक्टूबर 2008 को सोने की कीमत में 7.7% गिरा
- 24 अगस्त 2011 को सोने की कीमत में 5.60% की गिरावट आई.
- 15 अप्रैल 2013 को गोल्ड ने 9.3% तक का गोता लगाया था.
- 21 अक्टूबर 2022 में सोने में 6.30 % का फॉल देखने को मिला.
- 30 जून 2026 में गोल्ड 9.5% कर फिसल गया था.
सोने की कीमत में क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट
सोने की कीमत में बड़ी गिरावट के पीछे कई फैक्टर्स जिम्मेदार हैं. मजबूत अमेरिकी डॉलर, ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदें, निवेशकों की मुनाफावसूली, युद्ध के बीच आर्थिक अनिश्चितता, कच्चे तेल की कीमतों का दबाव और निवेशकों की घबराहट के चलते सोने की कीमत में भारी गिरावट दिख रही है. महंगा तेल महंगाई बढ़ा रहा है. बढ़ता इन्फ्लेशन केंद्रीय बैंकों पर ब्याज दर बढ़ाने का दवाब बढ़ाता है. ब्याज दर बढ़ी, तो निवेशक सोने के बजाए बेहतर रिटर्न से लिए बॉन्ड में निवेश करने लगते हैं. ऐसे में सोने की मांग में गिरावट आती है और भाव गिरने लगते हैं.
आज क्या है सोने का भाव
आज सोने की कीमत में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. इंटरनेशनल मार्केट से लेकर घरेलू सर्राफा बाजार में सोने में पहले तेजी, फिर गिरावट लौटी. इंटरनेशनल मार्केट में आज कॉमैक्स गोल्ड 4070 डॉलर प्रति औंस पर खुला, हालांकि जैसे ही ऑयल मार्केट में हलचल बढ़ी, सोना फिर से फिसलकर 4047 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. MCX पर सोना 158 रुपये तक फिसलकर 143980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. कच्चे तेल की कीमतों में लौटी तेजी से सोने को पीछे खींच लिया. हालांकि घरेलू बाजार में सोने में थोड़ा सुधार देखने को मिला है. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट पर जारी रेटलिस्ट के मुताबिक 24 कैरेट से लेकर 14 कैरेट वाले सोने की कीमत कुछ इस तरह से है...
- 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 142300 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट शुद्धता वाला सोना 130350 रुपये प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट शुद्धता वाला सोना 106730 रुपये प्रति 10 ग्राम.
- 14 कैरेट शुद्धता वाला सोना 83250 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी की कीमत 194000 रुपये प्रति किलोग्राम पर है.
सोना अभी गिरेगा या चढ़ेगा भाव
28 अक्तूबर को अमेरिका में फेडरल रिजर्व की मीटिंग होने वाली है. इस मीटिंग में ब्याज दरों पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है. माना जा रहा है कि इस बार ब्याज दर को स्थिर रखा जा सकता है और ये 3.75% से 4.00% के रह सकती है. ब्याज दरों में राहत की उम्मीद कम है. इन आशंकाओं के चलते आज डॉलर इंडेक्स का ग्राफ ऊपर रहा, डॉलर के बढ़ने के मतलब सोने की कीमतों में दबाब या गिरावट है. डॉलर बढ़ने से दूसरी करेंसी में सोना खरीदना महंगा पड़ता है, जिससे निवेशक सोने से दूर होने लगते हैं. यानी फिलहाल सोने में बड़ी रिकवरी की उम्मीद कम है, हालांकि फेस्टिव सीजन में डिमांड बढ़ने से सोने के दाम में मामूली सुधार देखने को मिल सकता है.
खरीदारी पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट: मार्केट एक्सपर्ट, अर्थशास्त्री डॉ शरद कोहली कहते हैं कि सोने में खरीदारी के लिए बेहतर है कि अब थोड़ा-थोड़ कर निवेश करें. अगर घर में शादी-ब्याह के लिए सोना खरीदना है, तो थोड़ा-थोड़ा कर खरीदारी करें. अगर आप निवेश कर चुके हैं और सोने के गिरते दाम से परेशान है, तो सोना लॉन्ग टर्म में बेहतर रिटर्न देने की क्षमता रखता है.
डिस्क्लेमर: Zee न्यूज आपको सोने-चांदी या शेयर में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर सिर्फ जानकारी के लिए लिखी गई है. अगर आप सोने -चांदी में निवेश करना चाहते हैं , तो इन्वेस्टमेंट से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें.