गरीबी से बाहर निकले 50 करोड़ लोग, वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देकर वित्त मंत्री ने गिनाए 10 साल के बदलाव
गरीबी की बात होती है तो हमारे दिमाग में सबसे पहले पैसे की तंगी का ख्याल आता है. लेकिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि गरीबी की परिभाषा इससे कहीं ज्यादा बड़ी है. अपनी एक पोस्ट के जरिये उन्होंने बताया है कि यदि किसी परिवार के पास पक्का घर, पीने का साफ पानी और बेहतर इलाज की सुविधा नहीं है तो यह काफी चिंताजनक है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि गरीबी केवल इंसान की आमदनी या मजदूरी की कमी नहीं है. उन्होंने बतायया कि यह आवास, पीने के साफ पानी, स्वच्छता और सेहत की देखभाल से जुड़ी बुनियादी जरूरतों के अभाव से बनने वाली स्थिति भी है. द डिकेड इंडिया टर्न्ड द टाइड ऑन पॉवर्टी (The Decade India Turned the Tide on Poverty) टॉपिक से लिखी लिंक्डइन पोस्ट में वित्त मंत्री ने पिछले एक दशक के दौरान गरीबी से निपटने के लिए देश में किये गए बदलावों का जिक्र किया. अक्टूबर में भारत पर जारी वर्ल्ड बैंक की पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 2011 और 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं. अत्यधिक गरीबी करीब-करीब देश से खत्म हो गई है.
वित्त मंत्री ने लिखा कि पिछले दशक के दौरान पुरानी धारणा बदल गई है. सरकार का फोकस अस्थायी राहत देने के बजाय उन खामियों को दूर करने पर रहा जो परिवारों को गरीबी में जकड़े रखती हैं. सरकार की सोच के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार के पास सुरक्षित घर, पीने का साफ पानी, स्वच्छता या स्वास्थ्य सुविधा नहीं है तो आमदनी बढ़ने के बावजूद वह असुरक्षित बना रह सकता है. उन्होंने लिखा कि एक बीमारी पूरी सेविंग को खत्म कर सकती है और परिवार को वापस गरीबी में धकेल सकती है.
हर खामी को दूर करने के हिसाब से सरकारी हस्तक्षेप
केंद्रीय वित्त मंत्री ने योजनाओं को लागू करने में व्यक्तिगत निगरानी करने, समस्याओं को दूर करने और लाभार्थियों तक फायदा पहुंचाने के लिए टेक्नोलॉजी का यूज करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया. उन्होंने कहा, सरकार का मकसद अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित है. इसका मकसद पंक्ति में खड़े आखिरी शख्स तक फायदा पहुंचने से है. इससे विकास वंचित परिवारों तक पहुंच सकेगा. उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी हस्तक्षेप हर खामी को दूर करने के हिसाब से तैयार किये गए हैं.
'मजबूत बैंक, दमदार अर्थव्यवस्था...' वित्त मंत्री का बड़ा बयान, बोलीं- भारत को अपनी ताकत पर गर्व होना चाहिए
सरकार की तरफ से शुरू की गईं ये योजनाएं
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत समेत कई अहम कार्यक्रमों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत के तहत घरों में शौचालय बनने से हर साल करीब 60 से 70 हजार शिशु मृत्यु को रोकने में मदद मिली है. उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांवों में नल-जल कनेक्शन 2019 के 3 करोड़ परिवारों से बढ़कर 16 करोड़ पर पहुंच गए. इससे उन महिलाओं और लड़कियों का बोझ कम हुआ है, जिन्हें पहले पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी.
आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्की छत मिली
उन्होंने यह भी बताया कि उज्ज्वला योजना ने रसोई गैस के जरिये साफ-सुथरी रसोई को संभव बनाया. पीएम आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्की छत मिली. पात्र लाभार्थियों को अस्पताल में कैशलेस इलाज मुहैया करने वाली 'आयुष्मान भारत योजना' ने परिवारों को चिकित्सा खर्च के आर्थिक बोझ से बचाने में मदद की. उन्होंने लिखा कि ये सभी कदम मिलकर उन झटकों के खिलाफ इंश्योरेंस की तरह काम करते हैं जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे.
वायरल हुआ अनदेखा मोमेंट: एमएस सुब्बुलक्ष्मी का गाना सुनकर रो पड़ीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, बेंगलुरु इवेंट से इमोशनल वीडियो आया सामने
निर्मला सीतारमण ने आसान लोन तक पहुंच को भी सरकार की गरीबी उन्मूलन पॉलिसी का अहम हिस्सा बताया. उन्होंने बताया कि 59 करोड़ से ज्यादा जन धन खातों ने लाभार्थियों तक सरकारी फायदे का सीधा हस्तांतरण संभव बनाया, इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम हुई है. उन्होंने लिखा कभी यह मान लिया गया था कि राजकोष से भेजे गए हर रुपये में से केवल 15 पैसे ही जरूरतमंद तक पहुंचते हैं. लेकिन डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) ने इसे बदल दिया. वित्त मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 60 करोड़ लोन अकाउंट मंजूर किये गए, जिनमें से करीब दो-तिहाई महिलाओं के हैं.
वित्त मंत्री ने रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सहयोग देने में पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजनाओं की भूमिका का भी जिक्र किया. वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि गरीबी कम करने में आई प्रगति को सरकार के प्रयासों का अंत नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने जोड़ा कि अगले चरण में आर्थिक सीढ़ी के सबसे निचले पायदान पर बचे लोगों को ऊपर उठाने और गरीबी से बाहर निकल चुके परिवारों को वापस फिसलने से रोकने पर फोकस्ड कर किया जाएगा.