मुंबई जाने के 8 हजार, लौटने के 25 हजार; दिवाली पर जमकर ढीली हो रही जेब; कैसे बनेगी बात?
दिवाली और छठ के मौके पर हर साल ट्रेन टिकट की मारामारी के साथ ही फ्लाइट का किराया आसमान छूने लगता है. इस बार 6 नवंबर को धनतेरस होने के कारण फ्लाइट की टिकट के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं. कुछ रूट पर यह किराया सामान्य से सात गुने तक पहुंच गया है.
दिवाली के मौके पर ट्रेन और फ्लाइट टिकट को लेकर मारामारी है. ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी हो रही है. ऐसे में हवाई यात्रा का रुख कर रहे हैं तो यहां भी हालात कमोवेश ऐसे ही हैं. एयरलाइंस की दोहरी पॉलिसी से यात्रियों के लिए टिकट बुक करना काफी मुश्किल हो गया है. यूं तो दिवाली के मौके पर हवाई किराये की दर हर बार बढ़ जाती हैं. लेकिन इस बार किराये में हर साल के मुकाबले कुछ ज्यादा ही बढ़ोतरी देखी जा रही है. इस बाद दिवाली के मौके पर हवाई किराये की दर में 7 गुने तक का इजाफा देखने को मिल रहा है. सुप्रीम कोर्ट में इसे लेकर याचिका भी लगाई गई है. लेकिन एयरलाइंस के ज्यादा किराया वसूलने पर रोक नहीं लग पा रही है.
डीजीसीए की तरफ से एयरलाइंस की इस मनमर्जी पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई गई. हर साल की तरह इस बार भी दिवाली पर हवाई यात्रा करना काफी महंगा साबित हो रहा है. अलग-अलग शहरों से जयपुर आने के लिए दिवाली पर हवाई किराया बहुत ज्यादा बढ़ गया है. मुंबई से जयपुर आने का किराया 25 हजार रुपये तक पहुंच गया है. जबकि हैदराबाद से जयपुर आगमन का किराया भी 21 हजार रुपये तक का है. हालांकि, हवाई किराये की दरों में यह बढ़ोतरी जयपुर आने वाली फ्लाइट्स में ही दिख रही है. जयपुर से अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाली फ्लाइट्स में किराया सामान्य ही है.
धनतेरस पर देखिए हवाई किराये में अंतर
6 नवंबर को मुंबई से जयपुर का हवाई किराया बढ़कर 25 हजार रुपये तक पहुंच गया. इस रूट पर 13 फ्लाइट उपलब्ध हैं, जिनका किराया 16729 रुपये से लेकर 24185 रुपये तक पहुंच गया है. इसी दिन जयपुर से मुंबई के लिए 6 नवंबर को किराया बेहद कम है और 7926 रुपये से लेकर 8389 रुपये किराया लग रहा है. 6 नवंबर के ही दिन यदि हैदराबाद से जयपुर की बात करें तो 4 फ्लाइट उपलब्ध हैं और जयपुर आने के लिए किराया 13678 रुपये से लेकर 20450 रुपये तक पहुंच गया है. लेकिन जयपुर से हैदराबाद का किराया 9475 रुपये है. 6 नवंबर को अहमदाबाद से जयपुर के लिए 3 फ्लाइट उपलब्ध हैं और जयपुर आगमन के लिए किराया 18499 रुपये लग रहा है. लेकिन जयपुर से अहमदाबाद जाने के लिए किराया 6874 रुपये हो गया है.
पुणे से जयपुर का किराया
पुणे से जयपुर के लिए 6 नवंबर को आपके लिए 2 फ्लाइट उपलब्ध हैं. पुणे से जयपुर आने का किराया 14386 से 16709 रुपये तक हो गया है. लेकिन जयपुर से पुणे जाने का किराया 7828 रुपये है. अब यदि इसी दिन (6 नवंबर) को बेंगलुरु से जयपुर के लिए 6 फ्लाइट उपलब्ध हैं और जयपुर आने का किराया 15222 से 16894 रुपये है. लेकिन जयपुर से बेंगलुरु जाने का किराया 8115 रुपये से 9801 रुपये है. चेन्नई से जयपुर के लिए 6 नवंबर को महज एक फ्लाइट है और इसका किराया 21099 रुपये है. लेकिन जयपुर से चेन्नई का किराया 12399 रुपये है.
दिल्ली से जयपुर आने के लिए हवाई किराये में बदलाव नहीं हुआ है. 6 नवंबर को दिल्ली से जयपुर के लिए 8 फ्लाइट उपलब्ध हैं. दरअसल दिल्ली आवागमन के लिए यात्रियों के लिए बस और ट्रेन के विकल्प काफी हैं. इस कारण दिल्ली से जयपुर आना या यहां से दिल्ली जाने का किराया सामान्य दिनों के मुकाबले 20 से 30 प्रतिशत तक ही महंगा हुआ है. प्रमुख शहरों में कोलकाता से जयपुर और गोवा से जयपुर के बीच आगमन का किराया भी बहुत ज्यादा नहीं बढ़ा. कोलकाता और गोवा से जयपुर आगमन का किराया 9 से 10 हजार रुपये के बीच लग रहा है. कुल मिलाकर काम या बिजनेस के सिलसिले में या फिर मेट्रो शहरों में रहकर पढ़ाई कर रहे जयपुराइट्स को इस बार दिवाली पर ज्यादा किराया चुकाना होगा. डीजीसीए ने भी एयरलाइंस की इस मनमर्जी को लेकर कोई निर्देश नहीं दिए हैं. वहीं जयपुर से इन शहरों के लिए जाने वाले यात्रियों को जरूर आंशिक राहत मिल सकती है.