दिल्ली में चलेंगी BS-6 गाड़ियां! कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर लगेगी रोक? CTI ने कहा-ठप हो जाएगा कारोबार
दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को रोकने के लिए सरकार और सुप्रीम कोर्ट दोनों ही चिंतित हैं. ऐसे में अलग-अलग तरह के सुझाव दिये जा रहे हैं. ऐसे में सीटीआई की तरफ से कहा गया यदि कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई तो इससे कारोबार पूरी तरह ठप हो जाएगा.
दिल्ली में पॉल्यूशन कंट्रोल करने के लिए महज BS-VI कारों को चलाने और पांच साल में कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के सुझाव पर कारोबारी जगत में हलचल मची है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की है कि बिना पुख्ता तैयारी, वेयरहाउस, EV इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्टर को राहत दिये बिना ऐसी रोक नहीं लगाई जाए. इससे दिल्ली के व्यापार और उद्योग जगत को भारी झटका लग सकता है. सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली-NCR के प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान सामने आए इन सुझावों पर CTI चेयरमैन बृजेश गोयल और सेक्रेटरी रमेश आहूजा ने चिंता जताई है. बृजेश गोयल ने कहा कि साफ हवा और प्रदूषण को कंट्रोल किया जाना बेहद जरूरी है. लेकिन इसे कारोबार को नुकसान पहुंचाकर लागू नहीं किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि बिना तैयारी के फैसला लागू होने से दिल्ली के 20 लाख से ज्यादा व्यापारी, उद्यमी, ट्रांसपोर्टर और उपभोक्ताओं पर असर पड़ेगा. उनके परिवारों को जोड़ दें तो 50 लाख से ज्यादा लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ सकता है. CTI की तरफ से कहा गया कि दिल्ली केवल राजधानी नहीं, बल्कि उत्तर भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र भी है. रोजाना यहां पर लाखों टन सब्जी, फल, दूध, किराना, दवा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, मोटर पार्ट्स, ड्राई फ्रूट्स, मिठाई, फुटवियर, होम फर्निशिंग, सेनिटरी और हार्डवेयर, लहंगे-साड़ी-सूट आदि पहुंचती है. कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर बैन लगाए जाने से सप्लाई चेन और कारोबार दोनों पर सीधा असर पड़ेगा. CTI ने इसको लेकर 7 नुकसान बताए हैं, आइए जानते हैं-
ट्रांसपोर्ट कॉस्ट में बढ़ोतरी
अभी ट्रक सीधे आजादपुर मंडी, सदर बाजार, चांदनी चौक, गांधी नगर, करोल बाग, कश्मीरी गेट, नया बाजार, खन्ना मार्केट, तीस हजारी, रोशनारा रोड और कमला मार्केट तक पहुंचते हैं. बॉर्डर वेयरहाउस व्यवस्था में माल उतारने, वेयरहाउस में रखने और छोटी EV से शहर में लाने से डबल लोडिंग-अनलोडिंग चार्ज लगेगा. वेयरहाउस किराया और EV किराया जुड़ेगा तो खर्च दो से तीन गुने तक बढ़ सकता है.
छोटे ट्रांसपोर्टर और टेम्पो मालिकों पर संकट
CTI के अनुसार दिल्ली में 80 फीसदी से ज्यादा माल BS-III और BS-IV टेम्पो-ट्रक के जरिये आता है. कई छोटे ट्रांसपोर्टरों के पास नई BS-VI गाड़ी खरीदने के लिए बड़ा पैसा नहीं है. इससे पुरानी गाड़ियों के कबाड़ होने और लोन EMI के बोझ से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है.
जरूरी सामान के दाम और सप्लाई पर असर
सब्जी, फल, दूध और दवा जैसी जल्दी खराब होने वाली या जरूरी वस्तुओं की सप्लाई में बॉर्डर ट्रांसशिपमेंट के कारण 4 से 6 घंटे की देरी होने पर माल खराब होने और मंडियों में आवक कम होने से महंगाई बढ़ने का डर है.
इंडस्ट्री के NCR में शिफ्ट होने की आशंका
बवाना, नरेला, ओखला, मायापुरी, झिलमिल और बदरपुर की फैक्ट्रियों में कच्चा और तैयार माल ट्रकों से आता-जाता है. रोक लगने पर उद्योगों के गाजियाबाद, बहादुरगढ़, मानेसर, सोनीपत या फरीदाबाद की तरफ जाने और लोकल रोजगार घटने की आशंका जताई गई है.
होलसेल मार्केट की पकड़ कमजोर पड़ना
सदर बाजार, चांदनी चौक, खारी बावली, भागीरथ पैलेस, गांधी नगर, कश्मीरी गेट, नया बाजार, चावड़ी बाजार, दरियागंज और मोरी गेट से पूरे उत्तर भारत में सप्लाई होती है. सीधे NCR के गोदामों से कारोबार होने की स्थिति में दिल्ली के पारंपरिक होलसेल बाजारों का दायरा सिमट सकता है.
जमीनी इंफ्रास्ट्रक्चर का अभाव
सीटीआई का कहना है कि दिल्ली बॉर्डर पर बड़े वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, चार्जिंग स्टेशन और EV फ्लीट जैसी व्यवस्थाएं अभी जमीन पर तैयार नहीं हैं. इसलिए अंतरिम दौर में कारोबारियों को मुश्किलें आ सकती हैं.
ई-कॉमर्स और कूरियर पर असर
ऑनलाइन डिलीवरी, कूरियर, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंस्ट्रक्शन मटीरियल की आवाजाही कमर्शियल गाड़ियों पर टिकी है. रोक से डिलीवरी समय बढ़ने और निर्माण लागत महंगी होने की बात कही गई है.
CTI की सुप्रीम कोर्ट और सरकार से मांग
- बिना लिखित रोडमैप के तत्काल रोक नहीं लगाई जाए. 5 साल की योजना सरकार, व्यापारियों व ट्रांसपोर्टरों के साथ मिलकर तय की जाए.
- BS-IV ट्रांसपोर्टर को स्क्रैपिंग पर उचित मुआवजा, सब्सिडी और आसान लोन की सुविधा भी दी जाए.
- बॉर्डर वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और चार्जिंग स्टेशन का खर्च सरकार वहन करे और कारोबारियों पर एक्स्ट्रा हैंडलिंग चार्ज नहीं पड़े.
- दिल्ली-NCR को एक शेयर्ड आर्थिक इकाई के रूप में देखा जाए, ताकि व्यापार एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट नहीं हो.
- सब्जी, फल, दूध, दवा और किराना जैसी आवश्यक वस्तुओं के लिए स्पष्ट छूट और अलग व्यवस्था तय की जाए.