Ansal API की बैठक फ्लॉप! EGM में नहीं जुटे 30 मेंबर्स, प्रमोटर्स को लगा झटका; ई-वोटिंग न होने पर भड़के निवेशक
रियल्टी कंपनी अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रमोटर्स द्वारा बुलाई गई असाधारण आम बैठक बिना किसी कामकाज के खत्म हो गई. इसका कारण कोरम न पूरा न होना है. यही नहीं, कंपनी ने अपने शेयर होल्डर्स के लिए रिमोट इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग राइट्स की भी उचित व्यवस्था नहीं की थी.
रियल एस्टेट डेवलपर अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर (API) के प्रमोटर्स द्वारा सोमवार को बुलाई गई असाधारण आम बैठक (EGM) बिना किसी कामकाज के ही खत्म हो गई. दरअसल, तय कानूनी कोरम पूरा न हो पाने और प्रोसेस से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं को लेकर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के कड़े विरोध के कारण यह बैठक नहीं हो सकी. प्रमोटर प्रणव अंसल, सुशील अंसल और प्रमोटर ग्रुप के दूसरे मेंबर्स द्वारा जारी नोटिस के आधार पर यह मीटिंग 23 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे नई दिल्ली के एरोसिटी स्थित द रोजिएट हाउस होटल में बुलाई गई थी.
नहीं उपस्थित हुए 30 मेंबर्स
कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 103 के तहत जरूरी न्यूनतम 30 मेंबर्स की व्यक्तिगत उपस्थिति (कोरम) पूरी न होने के कारण बैठक वैध रूप से गठित नहीं हो सकी.
क्या कहता है कानून?
नतीजतन पूरी कार्यवाही को अमान्य घोषित कर दिया गया. बैठक में न तो कोई प्रस्ताव पारित हो सका और न ही किसी तरह का कोई नतीजा निकला.
30 मेंबर्स की न्यूनतम कानूनी सीमा पूरी नहीं हो सकी, जिसके कारण किसी भी एजेंडा आइटम पर वैध वोटिंग होने से पहले ही पूरी कार्यवाही की कानूनी वैधता खत्म हो गई.
आपको बता दें कि कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 103 के तहत 5,000 से ज्यादा शेयरधारकों वाली किसी भी पब्लिक कंपनी की वैध बैठक के लिए कम से कम 30 मेंबर्स का व्यक्तिगत तौर पर रहना जरूरी है.
ये भी पढ़ें : रातभर चली सफाई....रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कचरे पर चला अभियान, MCD ने मिलकर हटाया 70 टन कचरा
रद्द मानी जाती है बैठक
कानून के मुताबिक, अगर शेयरहोल्डर्स की मांग पर बुलाई गई मीटिंग में तय समयसीमा के अंदर जरूरी कोरम पूरा नहीं होता है, तो ऐसी बैठक को स्थगित करने के बजाय रद्द माना जाता है.
35,000 से ज्यादा शेयरहोल्डर्स
अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के कुल 35 हजार से ज्यादा शेयरहोल्डर्स हैं. इसलिए कंपनी के लिए धारा 103 का पालन करना जरूरी था. इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है.
कोरम पूरा न होने के अलावा, EGM के नोटिस में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग (ई-वोटिंग) की व्यवस्था न रखने को लेकर भी तीखी आलोचना हुई.
कंपनी (मैनेजमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन) नियम, 2014 के नियम 20 के मुताबिक सभी लिस्टेड कंपनियों और 1,000 या उससे ज्यादा शेयरधारकों वाली कंपनियों के लिए यह जरूरी है कि वे अपने शेयरहोल्डर्स के वोटिंग राइट्स के इस्तेमाल के लिए रिमोट ई-वोटिंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएं.
प्रणव अंसल, सुशील अंसल और बैठक बुलाने वाले अन्य प्रमोटर्स ने शेयरहोल्डर्स को ई-वोटिंग की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई है.
निवेशकों को वोटिंग राइट्स से किया दूर
कानूनी जानकारों और माइनॉरिटी इन्वेस्टर्स ने कहा कि रिमोट ई-वोटिंग की सुविधा न देना देशभर में फैले रिटेल शेयरहोल्डर्स और पब्लिक शेयरहोल्डर्स को उनके वोटिंग राइट्स से दूर करने जैसा है. उनके मुताबिक, इस चूक के कारण यह प्रक्रिया शुरुआत से ही भारतीय कॉर्पोरेट गवर्नेंस नियमों के खिलाफ हो गई थी.
मीटिंग हॉल में मौजूद लोगों के मुताबिक, होटल में पहुंचे पब्लिक शेयरहोल्डर्स ने इस कार्यवाही को चुनौती देने और बैठक को रुकवाने के लिए पूरी ताकत से विरोध किया. शेयर होल्डर्स ने इसे साफ रूप से गैरकानूनी कदम करार देते हुए जरूरी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग की गैरमौजूदगी और वैध कानूनी कोरम की कमी जैसे दोनों मुद्दों पर जोरदार आपत्तियां जताईं, जिससे बैठक की कोशिश पूरी तरह ठप पड़ गई.
इस तरह, न तो धारा 103 के तहत जरूरी उपस्थिति पूरी हो सकी और न ही नियम 20 के तहत जरूरी ई-वोटिंग का पालन हुआ. नतीजतन यह प्रस्तावित EGM शुरुआत में ही विफल होकर खत्म हो गई.