हवाई सफर हुआ महंगा! IndiGo के बाद Air India और Akasa Air ने भी दिया झटका
एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बढ़ती कीमतों के बीच एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने घरेलू और चुनिंदा इंटरनेशनल उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है.
New Fuel Surcharge : इंडिगो के बाद एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का हवाला देते हुए घरेलू और कुछ चुनिंदा इंटरनेशनल रूट पर फ्यूल सरचार्ज में बदलाव की घोषणा की है.
एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए नया सरचार्ज 9 अक्टूबर को रात 12 बजे से की गई नई बुकिंग पर लागू होगा, जबकि एयर इंडिया के लिए ये 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से की गई बुकिंग पर लागू होगा. एयर इंडिया ने कहा, 'सरचार्ज सेक्टर और रूट कैटेगरी के आधार पर अलग-अलग होगा.'
घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से ₹400 से ₹1,200 तक सरचार्ज
- 0–500 किमी: ₹400
- 501–1,000 किमी: ₹600
- 1,001–1,500 किमी: ₹850
- 1,501 किमी से ऊपर: ₹1,200
अंतरराष्ट्रीय रूट के हिसाब से सरचार्ज
- नॉर्थ अमेरिका: $215, ऑस्ट्रेलिया: $210
- यूरोप/यूके: $135, वेस्ट एशिया/मिडिल ईस्ट: $55
'ATF की कीमतें ऊपर-नीचे होती रही हैं'
हाल के महीनों में जियोपॉलिटिकल घटनाओं और ग्लोबल एनर्जी मार्केट पर लगातार दबाव के कारण ATF की कीमतें ऊपर-नीचे होती रही हैं. हालिया बढ़ोतरी से एयरलाइन की ऑपरेशनल लागत बढ़ गई है. इसमें कुल खर्च का एक बड़ा हिस्सा फ्यूल का है. संशोधित फ्यूल सरचार्ज से फ्यूल की बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा कवर हो जाएगा और दोनों एयरलाइंस अपने नेटवर्क पर अपनी सर्विस जारी रख सकेंगी.
आकासा एयर ने भी बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज
आकासा एयर ने घरेलू उड़ानों पर 1,150 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज और इंटरनेशनल रूट पर बदले हुए चार्ज लगाने की घोषणा की है. कंपनी ने मिडिल ईस्ट में जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का हवाला दिया. एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि बदले हुए चार्ज 9 अक्टूबर, 2026 को रात 12:01 बजे से की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर लागू होंगे.
नई व्यवस्था के तहत, घरेलू रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को तय की गई दूरी के आधार पर ₹375 से ₹1,150 तक अतिरिक्त शुल्क देना होगा. इंटरनेशनल उड़ानों के लिए एयरलाइन ने छह डेस्टिनेशन के लिए ₹2,500 का फ्यूल सरचार्ज तय किया है. ये कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब ATF की बढ़ती कीमतें एयरलाइन की ऑपरेटिंग लागत पर दबाव डाल रही हैं. एयरलाइन के खर्च में एविएशन फ्यूल का एक बड़ा हिस्सा होता है. इससे ग्लोबल एनर्जी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का एयरलाइंस पर काफी असर पड़ता है.
कितना बढ़ा है फ्यूल सरचार्ज?
- 0–500 किमी की घरेलू उड़ान पर ₹375 अतिरिक्त
- 501–1,000 किमी पर ₹600 अतिरिक्त
- 1,001–1,500 किमी पर ₹900 अतिरिक्त
- 1,501 किमी से ज्यादा दूरी पर ₹1,150 अतिरिक्त