'बेटा घर पहुंचेगा तब समझना...', फोन पर मिली धमकी और अगले दिन सड़क किनारे मिला शव, हादसा या हत्या?
बांका में सड़क किनारे एक युवक की लाश मिली. लाश मिलने से बाजा, भरको, बल्लिकित्ता समेत आस-पास गांवों में सनसनी मच गई. परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि किसी का फोन आया था और उसने धमकी दी थी.
बांका के अमरपुर प्रखंड के इंगलिशमोड़-शंभुगंज मुख्य पथ पर बाजा मोड़ के समीप सड़क किनारे गड्ढे में 22 वर्षीय एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना मिलते ही बाजा, भरको, बल्लिकित्ता समेत आस-पास गांवों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर पहुंच गई. शव सड़क किनारे गड्ढे में पड़ा हुआ था और गड्ढे में ही युवक की बाइक पड़ी हुई थी. घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार, दारोगा शरत श्रीकांत पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर स्थानीय चौकीदार की मदद से शव को पानी से बाहर निकालते हुए मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया. थोड़ी देर में ही कुछ ग्रामीणों ने शव की पहचान फुल्लीडुमर थानाक्षेत्र के डोमो कुमारपुर गांव निवासी मंटु यादव के 22 वर्षीय पुत्र पियुष कुमार के रूप में की. घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां रम्भा देवी, दादा युगल किशोर यादव, पत्नी अपर्णा कुमारी अपने अन्य परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये.
मामले को लेकर मृतक युवक के दादा युगल किशोर यादव ने बताया कि साल 1998 में उनके नाम से बांका गांधी चौक के समीप जिला परिषद कोटे से निर्मित एक दुकान आवंटित हुई थी. दुकान के एक पार्ट का हिस्सा वह कुछ समय के लिए अमरपुर स्थित कौशलपुर निवासी दिलीप साह को दिए थे. कुछ माह से वह दिलीप साह को दुकान खाली करने के लिए कह रहे थे लेकिन दिलीप साह और उनका पुत्र संतोष साह दुकान खाली नहीं कर रहे थे. मामले को लेकर उन्होंने बांका थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी, जिसपर पुलिस ने दिलीप साह को 15 नवंबर तक दुकान खाली करने का आदेश दिया था लेकिन दुकान खाली करने के पूर्व ही उक्त लोगों ने साजिश के तहत उनके पोते पियुष की हत्या कर दी.
मृतक की मां ने बताया कि उनका पुत्र बांका में अपने दादा की दुकान पर करीब छह महीने से श्रृंगार की दुकान चलाकर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करता आ रहा था. छठ पर्व के खरना को लेकर उन्होंने अपने पुत्र को शनिवार की संध्या फोन कर घर आने के लिए कहा था. रात्रि करीब आठ बजे उन्होंने अपने पुत्र को फोन करते हुए जल्दी घर आने को कहा, जिसपर पुत्र ने भरको के समीप आने की बात बताई.
इसी दौरान किसी अन्य व्यक्ति की आवाज फोन पर सुनाई दी कि यह घर पहुंचेगा तब समझना कि घर पहुंच गया. पीड़ित मां ने बताया कि जब काफी देर तक उनका पुत्र घर नहीं पहुंचा, तो उन्होंने पुनः पुत्र को फोन लगाया, लेकिन पुत्र का फोन स्विच्ड ऑफ आ रहा था. मामले को लेकर उन्होंने अमरपुर थाने से पुलिस की मदद की गुहार लगाते हुए पूरी रात पुत्र की विभिन्न जगहों पर खोजबीन की, लेकिन पुत्र का कहीं पता नहीं चल पाया.
रविवार की सुबह बाजा मोड़ के समीप पुत्र का शव मिला. पीड़ित मां ने कौशलपुर निवासी दिलीप साह पर साजिश के तहत अपने पुत्र की हत्या कर देने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. घटना की FSL टीम के द्वारा भी जांच की गई है. मृतक के परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल शव का पंचनामा करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बांका भेज दिया गया है.
रिपोर्ट: बिरेंद्र सिन्हा
यह भी पढ़ें: छठ घाट पर था पूरा गांव, पीछे से महज 3-4 लकड़ी के टुकड़ों के लिए युवक की हत्या, मोतिहारी में सनसनी