SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अनंत सिंह पर गिरेगी गाज!: जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने दिए कार्रवाई के संकेत, बोले- 'शीर्ष नेतृत्व सब देख रहा है'

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का सियासी तापमान चढ़ गया है. सबसे बड़ा उलटफेर मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह के रुख को लेकर देखने को मिल रहा है, जिन्होंने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी का खुलकर विरोध किया है. उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर सियासी हलचल बढ़ा दी है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 02, 2026, 03:36 PM IST | Updated: Oct 02, 2026, 03:57 PM IST
Image Credit: अनंत सिंह और उमेश कुशवाहा (File-Photo)
Join

अनंत सिंह ने बिहार विधान परिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन करने का ऐलान किया है. इससे जनता दल यूनाइटेड के सामने अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई है. पटना स्नातक सीट से जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जिनसे अनंत सिंह की टशन चल रही है. हाल के दिनों में दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली है. अब JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई का संकेत दिया है. उन्होंने कहा है कि यह बिल्कुल गलत हुआ है. पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस पूरे मामले को देख रहा है. क्या अनंत सिंह पर पार्टी कार्रवाई करेगी? इस सवाल पर उमेश कुशवाहा ने कहा जल्द पता चलेगा, इंतजार कीजिए.

वहीं, जीविका कार्यक्रम के 20 साल पूरा होने पर पार्टी कार्यालय में जीविका संवाद कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा- 'यह ललन सिंह के क्षेत्र से जुड़ा हुआ मामला है और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह इस मामले में मध्यस्थता करेंगे.

अनुज सिंह के नामांकन में शामिल होकर अनंत सिंह बढ़ा दिया सियासी पारा
1 अक्टूबर, 2026 दिन गुरुवार को अनुज सिंह के नामांकन में शामिल होने के लिए अनंत सिंह हजारों समर्थकों के साथ गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ निकले. रास्ते भर रोड शो जैसा माहौल नजर आया, जहां कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह नजर आ रहा था. भारी भीड़ के बीच जीत का दावा ठोकते हुए जदयू विधायक अनंत सिंह ने बेहद बेबाक अंदाज में कहा कि इस चुनाव में अनुज सिंह की जीत होगी और बाकी सभी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ेगा.

जदयू के नीरज कुमार के सामने जन सुराज के अनुज सिंह
बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला अब बेहद दिलचस्प हो गया है. जदयू विधायक अनंत सिंह का अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करने की वजह से चुनावी लड़ाई त्रिकोणीय नजर आने लगी है. एक तरफ जहां जदयू ने नीरज कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है. वहीं, दूसरी तरफ जदयू के ही बाहुबली विधायक अनंत सिंह पार्टी लाइन से हटकर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए खुलकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं. विधायक के इस कदम से सत्ताधारी खेमे में खलबली मच गई है. हालांकि, इन दोनों की लड़ाई में राजद प्रत्याशी दिलीप कुमार भी अपना दांव चल रहे हैं. वह भी रेस में बने हुए हैं. अब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला राजद, जदयू और जनसुराज के बीच नजर आ रहा है.

रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES