SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जानिए कौन हैं सीएम सम्राट चौधरी के संभावित प्रधान सचिव की रेस में सबसे आगे चल रहे IAS संजय कुमार

बिहार के प्रशासनिक हलकों में इन दिनों 1997 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय कुमार सिंह के नाम की खासी चर्चा है. चर्चा इस बात की है कि बिहार वापसी के बाद उन्हें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रधान सचिव की अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 29, 2026, 09:57 PM IST | Updated: Oct 29, 2026, 10:07 PM IST
Image Credit: संजय कुमार सिंह बन सकते हैं CM के प्रधान सचिव (File-Photo)
Join

बिहार के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इन दिनों एक नई खबर को लेकर जोरदार चर्चा छिड़ी हुई है. चर्चा है कि 1997 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी संजय कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नया प्रधान सचिव बनाया जा सकता है. हालांकि, इस पर अंतिम मुहर आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही लगेगी.

ओडिशा कैडर के अफसर संजय कुमार सिंह को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बेहद नजदीकी और भरोसेमंद अधिकारी माना जाता रहा है. ऐसे में सम्राट चौधरी की तरफ से उन्हें वापस बिहार बुलाने की खबरों ने राज्य के सियासी गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है.

केंद्र सरकार ने शुरू की प्रक्रिया

संजय कुमार सिंह की ओडिशा से बिहार कैडर में अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार ने प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है. केंद्र ने इस संबंध में ओडिशा सरकार से अधिकारी की सतर्कता स्थिति और उनके संपत्ति के ब्योरे की जानकारी मांगी है.

पटना-गया के रह चुके हैं डीएम

मूल रूप से बिहार के ही रहने वाले संजय कुमार सिंह राज्य के प्रशासनिक तंत्र को करीब से समझते हैं. इससे पहले वे फरवरी 2008 से फरवरी 2015 तक बिहार में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. इस दौरान वे पटना और गया जैसे दो सबसे अहम जिलों के जिलाधिकारी रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने गृह विभाग में अपर सचिव और मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव तथा विशेष सचिव जैसे प्रमुख पदों पर रहकर काम संभाला है.

ओडिशा में भी संभाले कई बड़े महकमे

बिहार के अलावा ओडिशा कैडर में भी संजय कुमार सिंह का कार्यकाल काफी चमकदार रहा है. उन्होंने राजधानी भुवनेश्वर में नगर निगम आयुक्त और भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में शहरी विकास की कमान संभाली. वे आईडीसीओ के सीएमडी रहने के साथ-साथ कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और ग्रामीण विकास विभाग में भी सचिव और प्रधान सचिव जैसे वरिष्ठ पदों पर तैनात रहे. हालिया जानकारी के मुताबिक, वे ओडिशा के निर्माण विभाग में प्रधान सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे.

रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा

यह भी पढ़ें: बिहार के विकास में अंतरिक्ष तकनीक और रिमोट सेंसिंग निभाएंगे अहम भूमिका: सीएम सम्राट चौधरी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES