'मुझे नंदन यादव बता दिया...', राजद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोया राघोपुर का रत्नेश, बोला- बीजेपी ने मेरा चरित्र हनन किया
राजद ने बुधवार को जमुई मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. पार्टी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया के सामने एक लड़के को पेश किया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने वैशाली के राघोपुर के रहने वाले रत्नेश कुमार की फोटो लगातार सोशल मीडिया पर नंदन यादव बनाकर पोस्ट किया.
जमुई जिला के मामले ने पूरे बिहार में सियासी भूचाल मचा दिया है. नाबालिगों के साथ छेड़खानी करने क वाले मुख्य आरोपी का पुलिस ने हाफ एनकांउटर कर दिया. साथ ही अबतक इस मामले में शामिल 5 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. जमुई मामले में आरोपी की जाति को लेकर सूबे की सियासत भी खूब सुलगी. इस बीच राजद ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है. राजद ने बीजेपी पर वैशाली के रत्नेश का डिजिटल पेज के जरिए चरित्र हनन का आरोप लगाया है.
वैशाली के रत्नेश को बनाया 'नंदन यादव'
दरअसल, राजद के प्रवक्ता ने 23 सितंबर, 2026 दिन बुधवार को एक लड़के को साथ लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस लड़के का नाम रत्नेश कुमार है, जो वैशाली जिले के राघोपुर का रहने वाला है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक फोटो दिखाया गया, जिसमें यह आरोप लगाया गया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने डिजिटल पेज पर इस लड़के की तस्वीर लगाकर इसे जमुई एनकाउंटर का मुख्य आरोपी नंदन कुमार यादव बता दिया.
मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई: रत्नेश कुमार
राजद के प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीड़ित लड़के रत्नेश कुमार ने कहा कि इस घटना से मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई है और उसे बेवजह नंदन कुमार यादव बता दिया गया है.
राजद का बीजेपी पर डिजिटल पेज के जरिए चरित्र हनन का आरोप
राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इतनी घिनौनी राजनीति कर रही है, जिसे बिहार की जनता स्पष्ट रूप से देख रही है और समझ रही है कि राज्य में किस तरह के हालात हैं. राजद की ओर से यह साबित किया गया कि वैशाली का रहने वाला रत्नेश कुमार यादव वही व्यक्ति है, जिसे बीजेपी की तरफ से जमुई एनकाउंटर का मुख्य आरोपी नंदन कुमार यादव बनाकर पेश किया गया.
'राजद और पीड़ित पक्ष कानूनी कार्रवाई का सहारा लेंगे'
राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने भारतीय जनता पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस प्रकार के कृत्य बंद नहीं किए गए, तो राजद और पीड़ित पक्ष कानूनी कार्रवाई का सहारा लेंगे.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा