जहानाबाद में स्मैक तस्करों ने टाइगर मोबाइल के जवान को मार डाला, नदी में फेंका शव
जहानाबाद जिले में स्मैक तस्करों के खिलाफ अभियान के दौरान लापता हुए टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर कुमार का शव दरधा नदी से बरामद किया गया. जवान गुरुवार रात से लापता थे. नदी किनारे शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
जहानाबाद में स्मैक तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने सीधे कानून के रक्षक पर ही जानलेवा हमला बोल दिया और लाठी-डंडों से पीटकर उनकी जान ले ली. दरअसल, टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर यादव गुरुवार की देर शाम नगर थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ छापेमारी करने निकले थे. लेकिन, उसी दौरान वे रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए.
पुलिस टीम लगातार उनकी खोजबीन कर रही थी, लेकिन शनिवार को काको थाना क्षेत्र के नदियावां गांव के समीप दरधा नदी से उनका शव मिलने के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक और गुस्से की लहर दौड़ गई. मृतक जवान धनेश्वर यादव मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले थे. वह नगर थाना में टाइगर मोबाइल के पद पर मुस्तैदी से अपनी सेवा दे रहे थे. छापेमारी के दौरान स्मैक तस्करों ने उन्हें सुनियोजित तरीके से गायब कर दिया. इसके बाद में जवान की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया.
इधर, सूचना मिलते ही मौके पर मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, एसपी कोटा किरण कुमार, एएसपी मनोज पांडेय और एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ नदियावां पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. मौके पर फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाया गया और नदी से शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस ने मौके से जवान की सरकारी पिस्टल, मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद किया है.
फिलहाल, पुलिस अपराधियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने में जुटी है. इस संबंध में एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि पुलिस स्मैक को लेकर छापेमारी करने गई थी, जिसमें एक जवान मिसिंग था. जिसे लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए तस्करों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उनकी निशानदेही पर मिसिंग जवान का आज शव दरधा नदी से बरामद किया गया है.
एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि स्मैक कारोबारियों ने लाठी-डंडों से हमला कर उनकी हत्या कर दी और बाद में शव को नदी में फेंक दिया. फिलहाल पुलिस अपराधियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी करने में जुटी है.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
यह भी पढ़ें: मैं मोतीझील आप लोगों की जीवनरेखा हूं... मेरी आवाज सुनो, आखिर मुझे कौन बचाएगा मिटने से?