37 साल और 37 पाउंड का केक, तेजस्वी यादव ने राजद ऑफिस में सेलिब्रेट किया बर्थडे, मौजूद रहे ये दिग्गज नेता
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का आज 37वां जन्मदिन है. उनका जन्मदिन राजद के प्रदेश कार्यालय पटना में मनाया गया. उन्होंने पार्टी दरफ्तर में 37 पाउंड का केक काटा. इस दौरान बिहार सरकार और पीएम मोदी पर निशाना भी साधा.
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का 37वां जन्मदिन राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में मनाया गया. इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई दिग्गज नेता, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे. समारोह के दौरान तेजस्वी यादव ने 37 पाउंड का विशाल केक काटा. पार्टी कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया था. 9 नवंबर सोमवार सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं का उन्हें बधाई देने के लिए तांता लगा रहा. तेजस्वी यादव ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्हें धन्यवाद और शुक्रिया अदा किया.
अपने जन्मदिन के इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार सरकार पर तीखा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कल रात से ही देश और प्रदेश के लोगों की तरफ से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं. जनता ने आशीर्वाद दिया है कि बिहार एक विकसित राज्य बने और यहां से गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी का पूरी तरह से खात्मा हो.
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि जनता ने हमें इतनी ताकत दी है कि जो लोग देश के संविधान को मिटाना या कुचलना चाहते हैं, हम सब मिलकर उन्हें कड़ा सबक सिखा सकें. हमारी प्राथमिकता एक अपराध-मुक्त बिहार का निर्माण करना है, जहां राज्य के हर नागरिक की तरक्की हो, उनके सपने पूरे हों.
उन्होंने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जा सके. जो भी शक्तियां लोकतंत्र और संविधान को कुचलना चाहती हैं, जनता हमें इतनी शक्ति दे कि हम उनका मुकाबला कर सकें.
प्रधानमंत्री के दौरे पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आ रहे हैं, लेकिन हम तो उन्हें पहले ही बुला रहे थे कि जब बिहार में बाढ़ आई थी, तभी आ जाते. आज डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बिहार का खजाना खाली है, राज्य में विकास का कोई कार्य नहीं हो रहा है और केवल अपराधियों का बोलबाला है. हर तरफ गोलियां चल रही हैं, लेकिन शिक्षा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार बात तक नहीं कर रही है. बिहार की त्रस्त जनता अब सड़क पर उतरेगी.
तेजस्वी यादव ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि किसी में यह मजाल नहीं है कि वह देश के लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर सके. कोई अगर लोकतंत्र और संविधान को बदलना या खत्म करना चाहेगा, तो हम उसे कभी मिटने नहीं देंगे. यदि वैचारिक और राजनीतिक लड़ाई लड़नी पड़ी, तो वह पूरी ताकत और मजबूती के साथ लड़ी जाएगी.
रिपोर्ट: रुपेंद्र श्रीवास्तव
यह भी पढ़ें: 21 नवंबर को बिहार आएंगे पीएम मोदी: कच्ची दरगाह बिदुपुर 6 लेन पुल समेत कई प्रोजेक्टों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे