मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान देना शान के खिलाफ समझता हूं... तेजप्रताप यादव ने अनुष्का यादव के आरोपों पर किया पलटवार
तेजप्रताप यादव ने जो तस्वीर शेयर की है, उसमें तेजस्वी यादव की मौजूदगी यह जाहिर करती है कि परिवार में सुलह की कोशिशें चल रही हैं और जल्द ही सब ठीक हो जाएगा. बिहार विधानसभा चुनाव के समय दोनों भाइयों में तनातनी चरम पर थीं.
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अनुष्का यादव के आरोपों पर पलटवार किया है और कहा है कि जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे! तेजप्रताप यादव ने कहा कि मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान देना अपनी शान के खिलाफ समझता हूं. कौन मेरे बारे में क्या बोलता है और कौन क्या सोचता है, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. खास बात यह है कि तेजप्रताप यादव ने अपनी बातों के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की है, जिनमें उनकी बहनों के अलावा तेजस्वी यादव भी दिख रहे हैं. तस्वीर में लिखा है- मेरा परिवार, मेरी सबसे बड़ी ताकत है. यह तस्वीर एक बहुत बड़े राजनीतिक संकेत की तरफ इशारा कर रही है. इससे पहले अनुष्का यादव ने पहली बार मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि वो तेज प्रताप यादव के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं, उनकी आयु लंबी हो.
क्या कहा था अनुष्का यादव ने
एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची अनुष्कार यादव ने कहा, 'वो तेजप्रताप की बातों पर ध्यान नहीं देतीं. वो जितनी भी कंट्रोवर्सी कर रहे हैं, वो सब हम सुन ही रहे हैं. उनको मैं दिल से धन्यवाद देती हूं. वो जो भी चीज मीडिया में बोल रहे हैं, या कर रहे हैं, उन सभी चीजों के लिए मैं भगवान से... मेरे लिए उनके लिए कुछ बोलना भी बहुत कम हैं. मैं इन सब चीजों पर बिल्कुल ध्यान नहीं देती हूं.' अनुष्का एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाई आकाश यादव और बेटी के साथ पहुंची थीं.
तेजप्रताप यादव का जवाब
अनुष्का यादव की बातों के जवाब में तेजप्रताप यादव ने कहा कि मैं अपने शो में व्यस्त हूं. अपने काम में मस्त हूं और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहा हूं. कुछ लोगों को मेरी तरक्की देखकर जलन होती है, तो होती रहे, क्योंकि मेरा काम जवाब देना नहीं, अपनी मेहनत और सफलता से इतिहास रचना है. जलने वाले जलते रहेंगे, बोलने वाले बोलते रहेंगे और हम अपनी मंजिल की ओर बढ़ते रहेंगे. मुझे किसी की बुराई से नहीं, भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद और अपने कर्मों पर विश्वास है.
आज साजिशों का गठबंधन होगा
इससे पहले गुरुवार शाम को किए गए एक पोस्ट में तेपप्रताप यादव ने कहा था, पटना के रूप चंद भागवत उत्सव हाल, नियर कांग्रेस मैदान, कदमकुंआ नाला रोड में आज नाच-गाने के कार्यक्रम के बहाने साजिशों का गठबंधन होने वाला है. हमारे सभी विरोधी यह बात अच्छी तरह समझ लें कि हम किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे. मां दुर्गा का पावन नवरात्र चल रहा है- यह सत्य, धर्म और न्याय की विजय का पर्व है. इस नवरात्र में महिषासुर रूपी बुराई, छल और षड्यंत्र का अंत अवश्य होगा. सभी लोग शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें.
बता दें कि तेजप्रताप यादव ने जिस कार्यक्रम की ओर इशारा करते हुए पोस्ट लिखा था, उसी में अनुष्का यादव पहुंची थीं और मीडिया से रूबरू हुई थीं. उसी कार्यक्रम में अनुष्का यादव ने तेजप्रताप यादव के बारे में अपनी बात कही थी.