परिसीमन बिल पर तेजस्वी यादव को बड़ा झटका, राजद सांसद सुरेंद्र यादव ने कहा- तत्काल लागू होना चाहिए
RJD सांसद सुरेंद्र यादव ने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा कि बढ़ती आबादी और सरकार पर दबाव को देखते हुए क्षेत्रफल व विकास की जरूरतों के हिसाब से परिसीमन होना चाहिए. उन्होंने कहा कि तैयारी भी अभी से जरूरी है. साथ ही 2027 तक आबादी डेढ़ गुना होने की बात कही.
परिसीमन के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुरेंद्र यादव ने अपना रुख साफ कर दिया है. उन्होंने परिसीमन का समर्थन करते हुए कहा कि देश की आबादी बढ़ गई है और इसके चलते सरकार पर भी दबाव बढ़ रहा है. ऐसे में क्षेत्रफल और विकास की जरूरतों को ध्यान में रखकर परिसीमन होना चाहिए. सुरेंद्र यादव ने दो टूक कहा कि परिसीमन होना चाहिए और अभी होना चाहिए. उन्होंने 2027 तक देश की आबादी डेढ़ गुना होने का दावा भी किया.
'हम परिसीमन के पक्षधर हैं'
परिसीमन विधेयक को लेकर पूछे गए सवाल पर सुरेंद्र यादव ने कहा कि वह परिसीमन के पक्षधर हैं. उनके मुताबिक, देश में आबादी बढ़ने के साथ सरकार पर भी इसका भार बढ़ रहा है. खासकर क्षेत्रफल और विकास के लिहाज से मौजूदा व्यवस्था पर दबाव है. इसलिए आबादी के साथ-साथ क्षेत्रफल और विकास की जरूरतों को ध्यान में रखकर परिसीमन किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि एक समय के बाद किसी भी व्यवस्था में बदलाव और उसकी तैयारी जरूरी हो जाती है. अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने शादी-ब्याह और पूजा-पाठ का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि अगर किसी घर में कोई आयोजन होना है, तो उसकी तैयारी पहले से की जाती है. अगर तैयारी समय पर नहीं होगी, तो आगे चलकर परेशानी हो सकती है. इसी तरह परिसीमन की तैयारी भी अभी से होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- जब अनंत सिंह ने अपने ड्राइवर को मारी लात! वायरल हुआ 'छोटे सरकार' का नया वीडियो
2027 तक आबादी डेढ़ गुना होने का दावा
सुरेंद्र यादव ने बातचीत के दौरान 2027 तक देश की आबादी डेढ़ गुना होने की बात कही. उन्होंने कहा कि 2027 में उनसे फिर पूछा जाए कि आबादी कितनी हो गई है, तब वह इसका जवाब देंगे. उन्होंने अपने बयान में परिसीमन को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि इसे टालने के बजाय अभी किया जाना चाहिए.
वोट को लेकर भी रखी अपनी बात
बातचीत में वोटिंग को लेकर सवाल पूछे जाने पर सुरेंद्र यादव ने कहा कि वोट गुप्त होता है. किसी से यह नहीं पूछा जाता कि वह किसे वोट देगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह या सम्राट चौधरी ने भी किसी से यह नहीं पूछा होगा कि वह किसे वोट देगा. किसे वोट पड़ा, यह वोट डालने के बाद ही पता चलता है. उनके मुताबिक, वोटर अपना फैसला गुप्त रखता है और मतदान के समय ही उसका पता चलता है.