शराब वाली नेहा झा के बाद अब काजल का कारनामा, मुजफ्फरपुर में 50 लाख की हेरोइन साथ गिरफ्तार
समस्तीपुर में शराब के साथ गिरफ्तार नेहा झा के बाद अब मुजफ्फरपुर में हेरोइन के साथ काजल नाम की लड़की कोSTF ने गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि STF ने 50 लाख के हेरोइन के साथ काजल समेत 5 तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है.
बिहार नारकोटिक्स विभाग के एसटीएफ की सूचना पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने हेरोइन के साथ एक महिला तस्कर और उसके चार अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है. बरामद हेरोइन की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है. जब्त की गई हेरोइन गुवाहाटी से मुजफ्फरपुर के रास्ते पटना ले जाई जा रही थी. अब इस बात की चर्चा होने लगी है कि जिस तरह समस्तीपुर में शराब के साथ नेहा झा की गिरफ्तारी हुई थी, ठीक उसी तरह मुजफ्फरपुर में काजल कुमारी लाखों रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ पकड़ी गई है. तो क्या महिलाएं भी अब नशे के काले कारोबार से जुड़ने लगी हैं?
दरअसल, यह मामला मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र स्थित माधौल बाईपास के समीप का है. यहां तुर्की थाने की पुलिस ने बिहार नारकोटिक्स विभाग के एसटीएफ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवती और चार युवकों को लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्करों के पास से 2 लाख 50 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, असम के सिलचर से काजल कुमारी अपने चार सहयोगी युवकों के साथ करीब 136.35 ग्राम हेरोइन की खेप लेकर ट्रेन के रास्ते किशनगंज पहुंची थी. वहां से वह बस से मुजफ्फरपुर आई, जहां से सभी तस्कर पटना जाने की तैयारी में थे. इसी बीच एसटीएफ की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए तुर्की पुलिस ने युवती काजल कुमारी और चार युवकों को 136.35 ग्राम हेरोइन और 2.5 लाख रुपये कैश के साथ धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना के फतुहा निवासी काजल कुमारी, वैशाली जिले के रुस्तमपुर निवासी सतीश कुमार और वैशाली जिले के राघोपुर निवासी कुंदन कुमार, प्रकाश कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है.
इस कार्रवाई के संबंध में एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि एसटीएफ से मिली सूचना के आधार पर तुर्की थाना पुलिस ने एक युवती और चार युवकों को 136.35 ग्राम हेरोइन और 2.5 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है. फिलहाल, सभी गिरफ्तार तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह के तार किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार