'अपनी किताब इटली में जाकर बेचें', सोनिया गांधी की पुस्तक पर बिहार में सियासी घमासान, NDA और INDIA अलायंस में वार पलटवार
सोनिया गांधी की पुस्तक बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. पुस्तक में नीतीश कुमार और इंडिया गठबंधन को लेकर किए गए जिक्र पर जेडीयू ने सवाल खड़ा किया, तो विपक्ष ने भी सत्तापक्ष को आड़े हाथों लिया.
सोनिया गांधी की बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव पुस्तक राजनैतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है. सात चैप्टर में सोनिया गांधी ने अपनी बायोग्राफी लिखी है, लेकिन जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि सोनिया गांधी को नीतीश कुमार पर ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी. संजय झा ने कहा कि क्षेत्रीय पार्टियां ही कांग्रेस के साथ नहीं जुड़ना चाह रही थी.
'नीतीश जी की जो भूमिका थी और वे कमजोर कड़ी थे'
इस मसले पर आरजेडी ने सवाल खड़ा किया. पार्टी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि यह सब जानते हैं कि लालू प्रसाद ने सबको साथ लाने की पहल की थी. नीतीश कुमार की प्रतिबद्धता क्या रही है, यह भी सब जानते हैं. सोनिया गांधी ने उन पर जो बीता है, वह लिखा है. नीतीश जी की जो भूमिका थी और वे कमजोर कड़ी थे, यह लिखा है. मगर, जेडीयू दो भागों में है और बीजेपी को कौन क्या संकेत दे रहा है, यह सब जानते हैं.
उन्हें माफी मांगनी चाहिए, कांग्रेस ने जदयू से की मांग
कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा ने कहा कि सोनिया गांधी ने, जो कहा और उनको लेकर ये लोग जो कहते रहे हैं, उन्हें माफी मांगनी चाहिए. जेडीयू अपनी चिंता करे कि एनडीए में बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ क्या व्यवहार कर रही है, अब संजय झा इस पर ध्यान दें.
'सोनिया गांधी अपनी किताब इटली में जाकर बेचें'
बीजेपी के नेता और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब न वे पढ़ना चाहते हैं और न देश पढ़ना चाहता है. बेहतर होगा कि सोनिया गांधी अपनी किताब इटली में जाकर बेचें. बिहार और देश में उनकी किताब की जरूरत नहीं है. किताब लिखनी होगी, तो बीजेपी लिखेगी नीतीश कुमार पर. सोनिया गांधी के कहे का कोई मतलब नहीं है.
सोनिया गांधी ने इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार समेत सभी मुद्दों पर अपनी बात रखी
बीजेपी और जेडीयू के नेता सोनिया गांधी की किताब पर कई सवाल खड़े करते हुए कह रहे हैं कि उन्हें इमरजेंसी और बोफोर्स पर भी चर्चा करनी चाहिए थी. जबकि, विपक्ष कह रहा है कि सोनिया गांधी ने इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार समेत सभी मुद्दों पर अपनी बात रखी है, लेकिन सत्ता पक्ष सच सुनना पसंद नहीं करता. इस पुस्तक को लेकर टीका-टिप्पणी और पक्ष-विपक्ष की राजनैतिक बयानबाजी तेज है.
रिपोर्ट: रजनीश
यह भी पढ़ें: संजय झा का बड़ा खुलासा: कांग्रेस के बिना 'INDIA अलायंस' बनाना चाहते थे अन्य दल, नीतीश कुमार ने दी थी साथ रखने की सलाह