संजय झा का बड़ा खुलासा: कांग्रेस के बिना 'INDIA अलायंस' बनाना चाहते थे अन्य दल, नीतीश कुमार ने दी थी साथ रखने की सलाह
JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि गठबंधन में शामिल दल कांग्रेस के बिना ही 'INDIA' गठबंधन बनाना चाहते थे. सोनिया गांधी की टिप्पणी का कड़ा जवाब देते हुए झा ने कहा कि नीतीश कुमार इसके पक्ष में नहीं थे.
JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि गठबंधन में शामिल दल कांग्रेस के बिना ही 'INDIA' गठबंधन बनाना चाहते थे. सोनिया गांधी की टिप्पणी का कड़ा जवाब देते हुए झा ने कहा कि नीतीश कुमार इसके पक्ष में नहीं थे. बल्कि उन्होंने कांग्रेस को साथ रखने पर जोर दिया था. 'INDIA' गठबंधन की शुरुआत पर सवाल उठाते हुए झा ने याद दिलाया कि पटना में पहली बैठक नीतीश कुमार ने ही आयोजित की थी.
NDA के भीतर मतभेद की खबरें बेबुनियाद
उन्होंने कहा कि भले ही नीतीश कुमार 'INDIA' गठबंधन के सूत्रधार थे, लेकिन जब उन्होंने वहां परिवारवादी राजनीति का बोलबाला और गठबंधन का अस्वस्थ माहौल देखा, तो वे इससे अलग हो गए. उन्होंने आगे कहा कि सोनिया गांधी को नीतीश कुमार के बारे में ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी. इसके अलावा, संजय झा ने NDA के भीतर मतभेद की खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि गठबंधन में ऑल इज वेल है और सरकार पूरी एकजुटता के साथ काम कर रही है.
संजय झा ने कहा- जिस नेता के पास नीतीश कुमार जी गए, सब लोगों ने कहा कि एलायंस बनाइए, माइनस कांग्रेस. यही थे जो बोलते थे कि नहीं-नहीं रहने दीजिए साथ. नीतीश कुमार को टारगेट करने के पीछे वजह क्या है? इस सवाल पर संजय झा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने CWC मीटिंग में कहा कि नीतीश जी को हम लोगों को रोकना चाहिए था 2024 में, यह परिस्थिति नहीं होती.
उन्होंने कहा कि उनको लगा होगा कि नीतीश कुमार जी की वजह से ही, वह उनके ट्रस्ट पर ही बना. सब जगह गए, बंगाल गए, दिल्ली गए, लखनऊ गए, भुवनेश्वर गए, कांग्रेस के विश्वास पर नहीं बना था. उस मीटिंग में जिस तरह से कांग्रेस का आचरण था, जो सीनियर लीडर लोग बोल रहे हैं. नीतीश कुमार जी का 50 साल का सार्वजनिक जीवन है, आपातकाल के दौरान दो साल जेल में बिताए थे. वही आपातकाल जिसे इसी कांग्रेस पार्टी ने लगाया था. इसके अलावा, बिहार में जो बड़ा बदलाव देखने को मिला है, वह पूरी तरह से नीतीश कुमार के प्रयासों का नतीजा है. यह अफसोस की बात है कि उनके बारे में इतनी हल्की और ओछी टिप्पणिं की गई हैं. यह दुखद है, सीनियर लीडर हैं, उनको ऐसी बात नहीं करनी चाहिए.
NDA की एकजुटता के सवाल पर JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा- NDA की एकजुटता तो चट्टानी एकता की तरह है. इसमें क्या सवाल है? हम लोग बिल्कुल एक होकर 2024 और 2025, दो चुनाव लड़े और नतीजा सामने हैं. अब पूरा गठबंधन एक होकर, हमारी सरकार ने जो वादा किया है, अगले 5 साल में उसे पूरा करके दिखाएंगे.
यह भी पढ़ें: क्या निशांत कुमार बनेंगे बिहार के उपमुख्यमंत्री, संजय झा से मुलाकात के क्या हैं मायने?