)
लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य इन दिनों अपने माता-पिता के पास पटना में उनके साथ रह रहीं हैं. वह अपने पिता से कितना प्यार करती हैं, ये किसी से छिपा नहीं है. उन्होंने लालू यादव को अपनी किडनी दी है. इतना अटूट प्यार है, पिता और पुत्री का. इसकी एक और झलक तब देखने को मिली, जब सोशल मीडिया पर रोहिणी आर्चाय ने एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में दोनों का एक भावुक पल नजर आ रहा है.
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के अपने अकाउंट पर 48 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि माता-पिता का आशीर्वाद ही ईश्वर का आशीर्वाद है, इनके आशीर्वाद से ही हर मुश्किल, हर बला टलती है, जिंदगी मुकम्मल बनती है. दौलत-शोहरत तो इस जहान में सब पा लेते हैं. मगर, इनके आशीर्वाद के बिना जन्नत का सुख भी अधूरा है.
48 सेकंड के वीडियो में रोहिणी आचार्य अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करती नजर आ रहीं हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अपने पिता से हंसी-मजाक भी कर रही हैं. रोहिणी ने जो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, उसमें लालू प्रसाद यादव एक कुर्सी पर बैठे हुए हैं और रोहिणी आर्चाय उनसे बड़े ही प्यार से पूछती हैं कि हम कौन हैं, पहचानते हैं? इसके बाद राजद सुप्रीमो अपनी गर्दन उठा कर बड़े ध्यान से उनकी तरफ देखते हैं.
माता-पिता का आशीर्वाद ही ईश्वर का आशीर्वाद है, इनके आशीर्वाद से ही हर मुश्किल , हर बला टलती है, जिंदगी मुकम्मल बनती है । दौलत-शौहरत तो इस जहान में सब पा लेते हैं, मगर इनके आशीर्वाद के बिना जन्नत का सुख भी अधूरा है https://t.co/0LhsaF2Q6l
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) October 19, 2026
वीडियो में देखा जा सकता है कि उस दौरान लालू प्रसाद यादव के चेहरे पर मंद मुस्कान आ जाती है. वह कुछ हल्का सा बोलते हैं, इस पर रोहिणी आचार्य कहतीं हैं, जोर से बोलिए बाबा. वह बड़े ही प्यार से कहते हैं कि रोहिणी आचार्य. इस पर वह कहतीं हैं कि कहां लेकर जा रहे हैं रोहिणी आचार्य को. इस पर लालू यादव कहते हैं कि ले जा रहे हैं मां का दर्शन कराने.
रोहिणी आचार्य को वीडियो में कहते सुना और देखा जा सकता है कि आप आशीर्वाद दिए हमको और वह लालू यादव का पैर छूकर प्राणाम करतीं हैं. इस पर लालू यादव कहते हैं कि पूरा आशीर्वाद दिए हैं. वह पूछतीं हैं कि पूरा कितना आशीर्वाद होता है, इतना की इतना और कितना? इस लालू यादव मुस्कुराते हुए कहते हैं पूरा.